जोधपुर।
प्रशासन शहरों के संग अभियान की तैयारियों की समीक्षा को लेकर नगर निगम आयुक्त दक्षिण अरुण कुमार पुरोहित ने सोमवार को निगम अधिकारियों की बैठक ली। समयबद्ध तरीके से सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त दक्षिण अरुण कुमार पुरोहित ने कहा कि 2 अक्टूबर से प्रशासन शहरों के संग अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान में भू-उपयोग परिवर्तन, भवन निर्माण अनुमति, नाम हस्तांतरण, लीज डीड, स्टेट ग्रांट पट्टे, सडक़ों के पैचिंग वर्क, रोड लाइट सहित कई महत्वपूर्ण कार्य संपादित होने हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लिपिक अपने-अपने लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करें। आयुक्त पुरोहित ने कहा कि अभियान के तहत जिन कच्ची बस्तियों को पट्टे दिए जा सकते हैं उन प्रकरणों को अलग कर संबंधित तकनीकी अधिकारी की रिपोर्ट करवाएं। बैठक में उपायुक्त आकांक्षा बैरवा, एसई संपत मेघवाल, एसई विनोद व्यास व अन्य मौजूद रहे।
----
महापौर ने किया सीवरेज लाइन मरम्मत का निरीक्षण
जोधपुर। शहर के तारघर के समीप क्षतिग्रस्त हुई मुख्य सीवरेज लाइन के शिफ्टिंग कार्य का सोमवार को महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने एसई विनोद व्यास के साथ अवलोकन किया। निगम ने करीब डेढ़ सौ मीटर की मुख्य सीवरेज लाइन को 10 फीट आगे शिफ्ट करने का काम शुरू किया था। महापौर ने बताया कि करीब 25 फीट गहरी सीवरेज लाइन की शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है, वही शिफ्टिंग के दौरान अन्य यूटिलिटी की लाइने होने से कार्य पूरा करने में थोड़ा समय लग रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3yyamLC
0 comments:
Post a Comment