जोधपुर।
राज्य सरकार की ओर से प्रोत्साहन देने से कृषि विषय में छात्राओं का रुझान बढ़ रहा है। सरकार की ओर से प्रदेश में कृषि शिक्षा में छात्राओं को आकर्षित करने व कृषि क्षेत्र में कॅरियर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर भी दिख रहा है, जिसके तहत जिले की 226 छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी गई। छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप 36.17 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। इस योजना के तहत राजकीय, राज्य सरकार की मान्यता प्राप्त विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रही छात्राओं को लाभ मिलेगा।
--
प्रतिवर्ष 5 से 15 हजार रुपए देने का प्रावधान
योजनानुसार कृषि विषय लेकर पढ़ाई करने वाली छात्राओं को प्रतिवर्ष 5 से 15 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
- कक्षा 11 व 12 में अध्ययनरत छात्राओं को प्रतिवर्ष 5 हजार रुपए।
- कृषि स्नातक जैसे उद्यानिकी, डेयरी, कृषि अभियांत्रिकी, खाद्य प्रसंस्करण आदि में अध्ययनरत् छात्राओं को चार वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए प्रतिवर्ष की दर से 12 हजार रुपए ।
- कृषि स्नातकोत्तर में अध्ययनरत् छात्राओं को दो वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए प्रति वर्ष 12 हजार रुपए।
- कृषि विषय में पीएचडी में अध्ययनरत् छात्राओं को तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए प्रति वर्ष 15 हजार रुपए।
----
अक्टूबर तक कर सकते है आवेदन
वर्ष 2021-22 के लिए कृषि विषय में अध्ययनरत् छात्राएं 31 अक्टूबर तक राज किसान पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती है। संस्था प्रधान आवेदनों की जांच कर ई-सर्टिफिकेट जारी करेंगे। इसके बाद कृषि विस्तार विभाग के उप निदेशक प्रोत्साहन राशि का बजट जारी कर देंगे।
---
कृषि को बढ़ावा देने के लिए कृषि विषय में अध्ययन कर रही छात्राओं को प्रोत्साहन देना अच्छी योजना है। कृषि शिक्षा में छात्राओं का बढ़ता रुझान अच्छा संकेत है।डॉ जेआर भाखर, उप निदेशक
कृषि विस्तार जोधपुर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3jQ5Jr9
0 comments:
Post a Comment