जोधपुर.
महामंदिर के दो व्यापारियों ने विदेशी लोहे का स्क्रैप व कच्चा काजू मंगाने का झांसा देकर एक व्यवसायी से 72 लाख रुपए ऐंठ लिए। व्यवसायी ने 72 लाख रुपए का ब्याज व लाभ मिलाकर एक करोड़ 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार बासनी हैवी औद्योगिक क्षेत्र निवासी ललित पुत्र पारसमल जैन ने महामंदिर में शिव शक्ति नगर निवासी मुकेश पुत्र महावीर प्रसाद जैन व शिप हाउस निवासी राकेश पुत्र मंगलचंद मोहनोत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि ललित अपनी फर्मे अम्बिका टिम्बर मार्ट व प्लूटो इंटरनेशनल के मार्फत लोहे के स्क्रैप के साथ ही कई तरह के सामान व लकड़ी का आयात-निर्यात करता है। मुकेश जैन की एसीएम स्टील व राकेश की ग्लोबल ट्रेड लिंक नामक फर्म हैं। वर्ष 2016-17 में मुकेश ने ललित से सम्पर्क कर अफ्रीकन देश माली से बीस कंटेनर लोहे का स्क्रैप खरीदने का प्रस्ताव दिया। इस पर ललित ने माल खरीदकर दोनों फर्म को भुगतान कर दिया। वर्ष 2017 में फिर से स्क्रैप के कंटेनर खरीदने का सौदा किया था। बदले में 21 लाख नौ हजार रुपए अग्रिम दिए गए थे। 19 फरवरी को 20 हजार डॉलर यानि 13,10,356 रुपए और ट्रांसफर कराए।
इस दौरान दिसम्बर 2017 में मुकेश ने 80 टन कच्चा काजू खरीदने का झांसा दिया। 79 लाख रुपए एडवांस दिए गए थे। फरवरी 2018 में डिलीवरी देने का भरोसा दिलाया था, लेकिन अभी तक माल की सुपुर्दगी नहीं दी। टालमटोल करने पर दबाव डाला तो दोनों व्यापारियों ने 23 लाख रुपए लौटा दिए थे। 72 लाख 10 हजार रुपए अभी तक बाकी है। वहीं, मार्च 2021 तक 25.95 लाख रुपए ब्याज भी हो गए। साथ ही, काजू की बिक्री से होने वाला लाभ भी नहीं हुआ। इस प्रकार दोनों ने एक करोड़ 12 लाख 62 हजार रुपए की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/37FvMLT
0 comments:
Post a Comment