जोधपुर.
वीकेण्ड कफ्र्यू व गृह विभाग की रोक के बावजूद बनाड़ थानान्तर्गत जयपुर हाइवे पर रिसोर्ट में धड़ल्ले से संचालित हो रहे स्विमिंग पूल में रविवार को नहाने के दौरान एक ज्वैलर डूब गया। साथ आए दवाई दुकानदार ने सीपीआर देकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई। बनाड़ थाने में रिसोर्ट प्रबंधक के खिलाफ लापरवाही बरतने और महामारी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार मदेरणा कॉलोनी निवासी सागर (२५) पुत्र रामस्वरूप सोनी की जयपुर हाइवे पर डांगियावास से कुछ पहले शगुन रिसोर्ट के स्विमिंग पूल में डूबने से मृत्यु हुई है। शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि मृतक के फूफा भंवरलाल सोनी की तरफ से शगुन रिसोर्ट के प्रबंधक पर लापरवाहीबरतने व रोक के बावजूद रिसोर्ट व पूल में प्रवेश देने और महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। संभवत: सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। यह रिसोर्ट पुलिस के अधिकारी का बताया जाता है।
रविवार की छुट्टी मनाने गए थे छह दोस्त
पुलिस का कहना है कि मृतक सागर सोनी की डिगाड़ी में ज्वैलरी दुकान है। पास ही चार अन्य दुकानदारों के साथ सागर ने रविवार की छुट्टी मनाने के लिए शगुन रिसोर्ट चलने की योजना बनाई। कमठे का एक कारीगर भी साथ हो गया। तीन मोटरसाइकिल पर पांच दुकानदार व कमठा कारीगर रिसोर्ट पहुंचे, जहां सभी नहाने के लिए स्विमिंग पूल में चले गए। सागर व एक अन्य दोस्त को तैरना नहीं आता था। दोस्त दीवार के पास पूल में किसी रस्सी या चेन पकड़कर नहा रहा था। इतने में मित्र का पांव पानी में एक युवक से टकराया। उसे किसी के डूबने का अंदेशा हुआ। उसने पूल में नहा रहे अन्य लोगों को बताया। सभी ने युवक को बाहर निकाला तो वह दोस्त सागर सोनी निकला।
लापरवाही : पूल में नहा रहे थे अनेक व्यक्ति
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू वीकेण्ड कफ्र्यू के बावजूद न सिर्फ रिसोर्ट चालू था, बल्कि स्विमिंग पूल में भी खुला था। वहां अनेक व्यक्ति नहाने के लिए उतरे हुए थे। इनकी सुरक्षा के लिए तैराक भी नहीं था। बताया जाता है कि रिसोर्ट में कर्मचारी भी पर्याप्त संख्या में नहीं थे। घटना के समय छह दोस्तों के साथ और भी कई लोग पूल में थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3dJukeT
0 comments:
Post a Comment