जोधपुर। जब सफलता की राह पर हैं तो रोडे भी कम नहीं आएंगे। जो आपकी ओर कंकड़े फेंके जाते हैं, उन्हें एकत्रित कर पुल बनाकर आगे बढ़ो। सफलता का यह मंत्र साझा किया सफाईकर्मी से आरएएस में चयनित होने वाली आशा कंडारा ने। चुनौतियों का सामना कर सफलता की मिसाल बनी आशा के प्रति गुरुवार को हर जोधपुरवासी ने गर्व जताया। खुद आशा ने पत्रिका के साथ साझा किए सफलता के मंत्र।
सफलता के मंंत्र
१- जो आरोप लगाते हैं उनको रोडा नहीं अपनी स्ट्रेंथ बनाओ और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ो।
२- मैं कर सकती हूं तो कोई भी कर सकता है। मजबूत इच्छाशक्ति से परिणाम मिलते हैं।
३- कोई भी व्यक्ति किसी विशेष काम के लिए पैदा नहीं हुआ है। मेहनत कर अपना भाग्य बदल सकता है।
४- पढ़ाई व मेहनत से सफलता जरूर मिलती है। महिलाएं व बच्चे इसको ध्यान में रख कर आगे बढ़ें
५- समय का सदुपयोग करें, जैसे-जैसे वक्त मिले उसे गवाएं नहीं, बल्कि पढ़ाई व सृजन में लगाएं।
६- परिवार आपकी रीढ़ की हड्डी है। अकेले रहकर सफलता पाना मुश्किल है, परिवार के मोटिवेशन से आसान हो जाता है।
७. नौकरी कोई भी छोटी-बड़ी नहीं होती, यह सोच कर कर्म में जुटे रहो।
सफाई ड्यूटी के साथ पढ़ाई
आशा बताती हैं कि उनकी सफाईकर्मी में ड्यूटी लगने के बाद भी पढ़ाई करती थी। सुबह ६ से दोपहर २ बजे तक ड्यूटी के बाद शाम ४ बजे का समय पढ़ाई और कई बार तो रात में भी पढ़ती थी। ठान रखी थी कि असफर तो बनना ही है।
संघर्ष की दास्तां
२०१८ में भर्ती निकली और ५ अगस्त को प्री की परीक्षा थी। अक्टूबर में परिणाम आया तो प्री क्लीयर कर लिया। इसके बाद जून २०१९ में आरएएस मुख्य परीक्षा दी। परीक्षा के तुरंत बाद जुलाई में नगर निगम में सफाईकर्मी के तौर पर भर्ती हो गई। पढ़ाई का सिलसिला इसके बाद भी जारी रहा। नौकरी कोई भी छोटी-बड़ी नहीं होती, यह सोच कर कर्म में जुटी रही। जब अंतिम परिणाम आया तो ७०० प्लस रैंक के साथ आरएएस में चयनित हुई। आशा पति से तलाक लेकर अपने माता-पिता व दो बच्चों के साथ रहती हैं। उनके पिता भी अकाउंटेंट पद से सेवानिवृत्त हैं तो पढ़ाई के प्रति हमेशा जागरूक रहे।
नगर निगम ने किया सम्मान
नगर निगम उत्तर महापौर कुंती देवड़ा पहिार व आयुक्त रोहिताश्व तोमर सहित अन्य कर्मचारियों ने आशा व उनके परिवार का सम्मान किया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है।
नगर निगम महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने भी आशा का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। उप महापौर किशन लड्ढा, राकेश बागरेचा, नरेंद्र फीतानी, घनश्याम भाटी, रविंद्र परिहार मौजूद रहे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3eIlq23
0 comments:
Post a Comment