NAND KISHORE SARASWAT
जोधपुर. अनलॉक-3 की गाइडलाइन के अनुरूप करीब 71 दिन बाद कई धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं के लिए सोमवार से खुल गए, लेकिन कहीं श्रद्धालु कम पहुंचे तो कहीं साफ-सफाई ही होती रही।
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने कहा कि रातानाडा गणेश मंदिर और जूनी धान मंडी स्थित गंगश्यामजी मंदिर समेत देवस्थान प्रबंधित सभी मंदिर खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। गणेश मंदिर तैयारियों के कारण सोमवार को नहीं खुला। इसे मंगलवार सुबह भक्तों के लिए खोला जाएगा।
अचलनाथ मंदिर में सीमित दर्शनार्थी
कटला बाजार स्थित प्राचीन शिवालय अचलनाथ में सोमवार सुबह सीमित दर्शनार्थी पहुंचे। सुबह आरती के समय भी कुछेक भक्त ही मौजूद रहे। आनंद सिनेमा के पास स्थित गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा में सुबह अरदास व प्रार्थना के समय कम श्रद्धालु ही नजर आए।
आज खुलेगा शनिधाम
शास्त्री नगर ए सेक्टर स्थित सिगंणापुर शनिपीठ शनिधाम के कपाट मंगलवार सुबह 6 बजे मंगला आरती के साथ खोले जाएंगे। महंत पं. हेमंत बोहरा के अनुसार सुबह 9 बजे से 108 हनुमान चालीसा व सुंदरकांड पाठ किया जाएगा।
चर्च व मस्जिदों में सफाई
ब्रह्मबाग जालोरीगेट स्थित ईदगाह और तारघर के पीछे स्थित समरवेल मेमोरियल चर्च व अन्य गिरिजाघरों में सोमवार को साफ सफाई की गई। मसूरिया स्थित लोकदेवता बाबा रामदेव मंदिर में भी दिन भर स्वच्छता अभियान के तहत मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सीढिय़ों की सफाई की गई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3xXSbPI
0 comments:
Post a Comment