जोधपुर.
पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर में रात्रि गश्त को ताक पर रख चोरों ने चार मकानों के ताले तोड़ लाखों के आभूषण व रुपए चुरा लिए। एक दुकान से भी लाखों का माल व हजारों रुपए चुरा लिए गए।
प्रतापनगर थाना पुलिस के अनुसार शिव कॉलोनी में तेजा मंदिर के पीछे निवासी रूपदास वैष्णव व भवानीसिंह के मकान व दुकान के ताले टूटे हैं। चोरों ने रूपदास के मकान से दो किलो चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपए, दुकान में गुल्लक से 2500 रुपए व पांच हजार रुपए चुरा लिए। वहीं, कॉलोनी में पास रहने वाले भवानीसिंह के मकान से 40 हजार रुपए, डेढ़ तोला सोने की रखड़ी, चांदी के 15 सिक्के, आधा किलो चांदी के पायल चुरा लिए। चोरों ने जबराराम के मकान से ताले तोडऩे का प्रयास किया। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो युवकों के चेहरे नजर आए हैं।
दुकान से लाखों की सिगरेट व गुटखा चोरी
सूरसागर थानान्तर्गत रावटी में मां कृपा प्रोविजन व फैंसी स्टोर नामक दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने 20 जून की रात 1.65 लाख रुपए की सिगरेट, 85500 रुपए के गुटखा व तम्बाकू उत्पाद, 35000 की बीडिय़ों के पैकेट, 12 हजार रुपए के सूखे मेवे और गल्ले से 44600 रुपए चुरा लिए। बालसमन्द रोड पर नया बास निवासी दुकान संचालक राजेन्द्र शर्मा ने चोरी का मामला दर्ज कराया।
सूने मकान में सेंध, कम्प्यूटर व सामान चोरी
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत प्रेसकॉन सिटी स्थित सूने मकान में सेंध लगाकर चोरों ने कम्प्यूटर व अन्य कीमती सामान चुरा लिया। पावटा बी रोड पर दुर्गादास कॉलोनी निवासी रामसिंह सांजू ने चोरी का मामला दर्ज कराया। उनके भाई का कोरोना से गत 15 मई को निधन हो गया था। वे मित्र के घर रहते थे। प्रेसकॉन सिटी में उनके सूने मकान में चोरी हुई है। इसी तरह, बासनी थानान्तर्गत मधुबन हाउसिंग बोर्ड स्थित सूने मकान के ताले तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण व अन्य कीमती सामान चुरा लिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3wNOoEs
0 comments:
Post a Comment