जोधपुर।
मरुधरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से देश में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में बासनी स्थित पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया गया। एमआईए के अध्यक्ष भंवरलाल चौपड़ा व सचिव निलेश संचेती ने बताया कि एमआईए के आह्वान पर उद्यमियों ने पेट्रोल-डीजल की बढती कीमतों के विरोध में काले मास्क लगाकर विरोध प्रदर्शन कर सांकेतिक धरना दिया। साथ ही, उद्यमियों ने एक दिन के लिए सुबह 9 से 11 बजे तक व्यावसायिक इकाइयां बंद रखने का निर्णय भी लिया। रीको के निदेशक सुनील परिहार ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल आदि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही बढोतरी से देश में लघु एवं मध्यम उद्योगों के औद्योगिक उत्पादन की लागत बढने के साथ ही मंहगाई बढने से आम आदमी की दैनिक दिनचर्या पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अगर केन्द्र सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल की दरें कम नहीं की गई तो आने वाले दिनों में एसोसिएशन की ओर से आंदोलन किया जाएगा। जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उमेश लीला ने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें सर्वाधिक ऊंचाई पर होने से कृषि, उद्योग-व्यवसाय प्रभावित होने के साथ ही आमजीवन पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। अगर सरकार इन पर एक्साईज ड्यूटी व वैट की दर कम कर देती है तो इससे उद्योग, व्यापार व आम जनता को राहत मिलेगी। प्रदर्शन में एमआईए पदाधिकारी व उद्यमी मौजूद थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3iBVg3A
0 comments:
Post a Comment