जोधपुर.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बीकानेर स्थित सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के मुख्य लेखाधिकारी को मंगलवार को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। घर की तलाशी में 32.5 लाख रुपए, 48 लाख रुपए के निवेश और लाखों के सोने-चांदी के आभूषण भी मिले।
ब्यूरो के उप महानिरीक्षक डॉ विष्णुकांत ने बताया कि बीकानेर स्थित सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के लेखा विभाग में पदस्थापित मुख्य लेखाधिकारी कमल कुमार गोयल को कॉलेज में ही 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उनसे रिश्वत राशि भी जब्त की गई।
कोरोना संक्रमण काल के दौरान कॉलेज ने एक फर्म को ऑक्सीजन के खाली सिलेण्डर का आदेश दिया था। जो फर्म ने सप्लाई भी कर दिए थे। जिसका 63 लाख और पहले का 3.50 लाख रुपए भुगतान बकाया था। यह भुगतान करने की एवज में मुख्य लेखाधिकारी कमल किशोर ने एक प्रतिशत के हिसाब से 64 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। फर्म मालिक ने एसीबी से शिकायत की। सात जून को गोपनीय सत्यापन कराए जाने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
परिवादी मंगलवार को कॉलेज परिसर में लेखाधिकारी कक्ष में रिश्वत राशि देने गया, जहां उसने 50 हजार रुपए दिए। तभी इशारा मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनीश पूनिया के नेतृत्व में एसीबी ने दबिश देकर कमल किशोर गोयल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
घर की तलाशी में करोड़ों का माल जब्त
एसीबी ने कमल किशोर गोयल के बीकानेर में नई शिवबाड़ी रोड पर चाणक्य नगर स्थित मकान की तलाशी ली, जहां से 32.50 लाख रुपए, दो सौ ग्राम सोना व 650 ग्राम चांदी के जेवर जब्त किए गए। वहीं, एफडीआर, एलआइसी, शेयर और डिबेंचर्स में 48 लाख रुपए संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए गए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3cu9tvz
0 comments:
Post a Comment