जोधपुर. वातावरण में अत्यधिक नमी के कारण सूर्यनगरी में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया लेकिन शहरवासियों को 45 डिग्री की गर्मी महसूस (फील लाइक) हो रही थी। बाडमेर, जैसलमेर सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी का स्तर पैंतालीस डिग्री से उससे ऊपर था। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन चार मौसम शुष्क रहने से नमी कुछ कम हो सकती है लेकिन सप्ताहांत में फिर बादल आने से उमस भरा मौसम रहेगा। मंगलवार से तेज धूल भरी हवाएं चलने का पूर्वानुमान है, जिससे वातावरण में शुष्कता बढ़ेगी।
शरीर का कूलिंग प्रोसेस गड़बड़ा रहा
जोधपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में 61 प्रतिशत आपेक्षिक आद्र्रता थी। सुबह हवा भी मंद थी। ऐसे में उमस पैदा हो गई। दरअसल हवा में अत्यधिक नमी के कारण शरीर का कूलिंग प्रोसेस गड़बड़ा जाता है। शरीर के छिद्रों से वाष्पीकरण कम होने लगता है और शरीर अंदर से गर्म होने लगता है। शरीर के बाहर वातावरण में अधिक नमी होने के कारण शरीर चाहकर भी उतना पानी बाहर नहीं निकाल पाता, जो उसे तापमान के लिए अनुकूलित कर सके। ऐसे में गर्मी अधिक महसूस होती है।
सुबह 7 बजे घटने लगेगी, शाम 6 बजे बढऩे लगेगी नमी
- 7 बजे सुबह नमी का स्तर अभी अधिकतम रहता है
- 4 बजे अपराह्न न्यूनतम स्तर पर आ जाती है नमी
- 6 बजे शाम को वापस नमी में बढ़ोतरी शुरू हो जाती है
सूरज 13.43 घण्टे, रोशनी 14.35 घण्टे
जोधपुर में सोमवार को 13 घण्टे 43 मिनट तक सूरज चमका। सुबह पौने छह सूर्योदय के बाद शाम को 7.29 बजे अस्त हुआ लेकिन रोशनी 14 घण्टे 35 मिनट तक रही। गर्मी से बचने के लिए काम के घण्टे इस अनुसार तैयार किए जा सकते हैं।
कब कितनी नमी, महसूस कितना हुआ पारा
समय ---- वास्तविक तापमान---महसूस हुआ---- नमी का स्तर
रात 12 बजे ---- 34 डिग्री ---- 37 डिग्री ---- 43 प्रतिशत
रात 3 बजे ---- 32 डिग्री ---- 36 डिग्री ---- 51 प्रतिशत
सुबह 5 बजे ---- 31 डिग्री ----34 डिग्री ---- 55 प्रतिशत
सुबह 7 बजे ---- 30 डिग्री ---- 33 डिग्री ---- 61 प्रतिशत
सुबह 10 बजे ---- 34 डिग्री ---- 38 डिग्री ---- 48 प्रतिशत
दोपहर 12 बजे ---- 37 डिग्री ---- 41 डिग्री ---- 40 प्रतिशत
दोपहर 2 बजे ---- 39 डिग्री ---- 43 डिग्री ---- 38 प्रतिशत
अपराह्न 4 बजे ---- 40 डिग्री ---- 45 डिग्री ---- 36 प्रतिशत
शाम 6 बजे ---- 39 डिग्री ---- 42 डिग्री ---- 39 प्रतिशत
रात 10 बजे ---- 35 डिग्री ---- 39 डिग्री ---- 40 प्रतिशत
(जोधपुर के संदर्भ में डाटा निजी मौसम एजेंसी के अनुसार है।)
..................................
‘हवा में अधिक नमी के कारण जो तापमान होता है, उससे कहीं अधिक गर्मी महसूस होती है। यह शरीर के कूलिंग प्रोसेस के गड़बड़ा जाने की वजह से होता है।’
आरएस शर्मा, निदेशक, भारतीय मौसम विभाग जयपुर केंद्र
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3cr9rof
0 comments:
Post a Comment