जोधपुर.
जिले के बिलाड़ा थानान्तर्गत भावी गांव के बीचों-बीच यूको बैंक के एटीएम को चोर गुरुवार रात ढाई बजे उखाड़कर ले गए। एटीएम में 15.22 लाख रुपए थे। बदमाशों की गैंग ने एटीएम को रस्से से बांधा और फिर एसयूवी से खींचकर उखाड़ दिया। आस-पास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की तलाश की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुनील के पंवार ने बताया कि भावी गांव के बीचों-बीच यूको बैंक का एटीएम है। रात करीब दो से ढाई बजे के बीच एसयूवी में तीन से चार नकाबपोश एटीएम आए। रस्से से एटीएम मशीन को बांधा और एसयूवी से खींचकर उखाड़ दिया। एटीएम मशीन वहां लगे एल्यूमिनियम व कांच के दरवाजे को तोड़कर बाहर आ गई। जिसे गिरोह ने उठाकर एसयूवी के पीछे रखा और भाग निकले।
इस बीच, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने एटीएम का दरवाजा व कांच क्षतिग्रस्त देखे। मशीन गायब पाकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बिलाड़ा थानाधिकारी मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू कराई। बैंक मैनेजर भी घटनास्थल आए। एटीएम में 15.22 लाख रुपए रखे थे। मैनेजर की तरफ से मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील पंवार मौके पर पहुंचे और जांच की। चोरों को पकडऩे के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई है।
गड़बड़ी : वारदात से पहले सीसीटीवी कैमरे बंद, फिर चालू
पुलिस का कहना है कि एटीएम में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन कैमरे गुरुवार शाम बंद हो गए थे। जो वारदात के बाद सुबह खुद-ब-खुद चालू हो गए। इससे पुलिस को अंदेशा है कि वारदात में कोई जानकार व्यक्ति शामिल हो सकता है।
लाम्बा गांव के पंप से भरवाया था डीजल
पुलिस ने भावी गांव के साथ-साथ आस-पास के सभी गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। भावी में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में एसयूवी नजर आ गई। जिसके पीछे एटीएम मशीन रखी थी। पीछे दो नकाबपोश युवक बैठे थे। चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति के शामिल होने की आशंका है। बदमाशों ने वारदात से पहले लाम्बा गांव स्थित पेट्रोल पंप से एसयूवी में डीजल भरवाया था। पुलिस को अंदेशा है कि बदमाश आस-पास के हो सकते हैं।
तंग गलियों में रैकी, फिर वारदात
यूको बैंक का एटीएम भावी गांव के पुराने भाग में स्थित है, जहां तंग गलियां हैं। बमुश्किल एसयूवी एटीएम तक पहुंची होगी। बदमाशों ने पहले रैकी की होगी और फिर वारदात को अंजाम दिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3ddne22
0 comments:
Post a Comment