जोधपुर. दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने शनिवार को बाड़मेर और जालोर के रास्ते मारवाड़ में प्रवेश कर लिया। मानसून सामान्य से करीब 11 दिन पहले पहुंचा। बाड़मेर में 36, चौहटन में नौ मिलीमीटर के अलावा धोरीमन्ना और सिवाणा में हल्की बरसात हुई। जालोर के जसवंतपुरा में 52 और रानीवाड़ा में 28 मिलीमीटर पानी बरसा। बाड़मेर और जालौर से अधिक पाली जिले में मूसलाधार बरसात हुई। जिले के दांतीवाड़ा बांध पर 106, बाली में 85 और देसूरी में 65 मिली बरसात से नदी-नाले बहने लग गए, लेकिन मानसून की अन्य परिस्थितियां पूर्ण नहीं करने के कारण पाली में मानसून की आवक नहीं मानी गई। मानसून की ट्रफ लाइन बाड़मेर से होते हुए भीलवाड़ा और धौलपुर तक गुजर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के आगे बढऩे के लिए अब परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के कारण अगले पांच-छह दिन सूखा रहने की संभावना है। अब नया सिस्टम विकसित होने पर ही मानसून आगे बढ़ेगा।
गुजरात के ऊपर बने सिस्टम से बाड़मेर में घुसा मानसून
इस सप्ताह की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ ने तेजी से आगे बढ़ रहे मानसून को पंजाब और हरियाणा के बॉर्डर पर रोक दिया था, लेकिन गुजरात के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के कारण दक्षिण पश्चिमी हवाओं की नमी प्रदेश में प्रवेश कर गई। इसी सिस्टम के कारण मानसून बाड़मेर और जालौर तक पहुंच गया। अब इसका असर कम हो गया है। यही कारण है कि पिछले दो दिनों में मानसून के आगे बढऩे की अधिकांश प्रक्रिया राजस्थान में ही हुई।
पाली में दो हवाओं के प्रभाव से मूसलाधार
बीते 24 घंटे में पाली जिले के अधिकांश हिस्से में एक से दो इंच बरसात हुई। मूसलाधार बारिश से पाली के बांध और नदी नालों में बाळे आ गए। मौसम विभाग ने इसको मानसून की बारिश नहीं माना। विशेषज्ञों के मुताबिक दक्षिणी-पश्चिमी हवाओं के सामने उत्तरी हवाएं आ गई, जिसके प्रभाव से पाली में इतनी बरसात हुई।
जोधपुर में उमस, जैसलमेर में पारा 40
जोधपुर में शनिवार को दिन भर बादलों की आवाजाही के साथ उमस भरा मौसम बना रहा। न्यूनतम तापमान 26.1 और अधिकतम 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में अत्यधिक नमी के कारण दिनभर उमस से लोग हलकान रहे। सप्ताहांत होने के कारण शहर के पर्यटन स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही देखी गई। उधर जैसलमेर में दिन का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच जाने से वहां भीषण गर्मी रही। बाड़मेर में बरसात का मौसम होने की वजह से दिन का पारा 31.7 डिग्री से ऊपर नहीं जा पाया। फलोदी में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रहा।
कहां-कितनी बारिश
पाली जिला तरबतर
स्थान ----- बारिश (मिलीमीटर में)
बाली -------- 85
देसूरी -------- 65
रानी -------- 48
सादड़ी -------- 32
दांतीवाड़ा बांध -------- 106
भूटिया बांध -------- 70
कोटा बांध -------- 63
मुठाना बांध -------- 60
सिरोही जिला
सिरोही -------- 32
पिण्डवाड़ा -------- 44
अणगोर बांध -------- 40
शिवगंज -------- 32
माउंट आबू -------- 29
आबू रोड -------- 30
धांता बांध -------- 25
जालोर जिला
जसवंतपुरा -------- 52
रानीवाड़ा -------- 28
सांचोर -------- 3
बाड़मेर जिला
बाड़मेर -------- 36
चौहटन -------- 9
सिवाणा -------- 5
धोरीमन्ना -------- 1
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2TQm0mJ
0 comments:
Post a Comment