जोधपुर. प्रदेश में एक मई से 18 से 44 आयु वर्ग के युवाओं का टीकाकरण शुरू हो गया है लेकिन टीके कम होने और युवाओं में भारी उत्साह के बीच टीकाकरण के लिए शेड्यूल लेना एक चुनौती बन गया है। कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद संबंधित टीकाकरण स्थल पर शेड्यूल करवाना पड़ता है। रजिस्ट्रेशन तो आसानी से हो जाता है लेकिन शेड्यूल के लिए पिछले चार दिनों से मारामारी चल रही है। दरअसल चिकित्सा विभाग शाम 6 बजे टीकों की उपलब्धता के आधार पर स्लॉट लाइव करता है जो युवा ऑनलाइन रहते हैं वे फटाफट शेड्यूल करवा देते हैं। महज दो से तीन मिनट में ही स्लॉट खत्म होते ही संबंधित टीकाकरण केंद्र लाल रंग से बुकड् बता देता है। कई युवाओं को इसकी जानकारी नहीं होने से वे दिनभर ऑनलाइन रहते हैं और हर बार बुक हो जाने पर अपने आपको ठगा सा महसूस करते हैं।
45 वर्ष से ऊपर के लिए केवल आधार कार्ड
केंद्र सरकार की ओर से 45 वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों के लिए नि:शुल्क टीका उपलब्ध कराया जा रहा है। इस श्रेणी में लोगों को केवल आधार कार्ड लेकर ही टीकाकरण केंद्र पर चले जाने से टीका लग जाता है। युवाओं की अधिक भीड़ एकत्रित होने से रोकने के लिए शेड्यूल सिस्टम लागू किया गया है। बगैर शेड्यूल किसी के टीका नहीं लगाया जा रहा।
जोधपुर में 10.58 लाख में से केवल 87 हजार को दोनों डोज
जोधपुर में 45 वर्ष आयु से अधिक 10.58 लाख व्यक्ति है। सोमवार तक इसमें से 4 लाख 91 हजार 695 व्यक्तियों को टीका लगाया जा चुका है। इसमें से केवल 87 हजार दोनों डोज लगी है यानी कुल मिलाकर जिले के 8 प्रतिशत लोग ही वैक्सीनेट हुए हैं। वैक्सीन की कमी की वजह से दूसरी डोज नहंीं मिल पा रही है। वर्तमान में प्रतिदिन 6 से 7 हजार लोगों को ही प्रतिदिन दूसरी डोज उपलब्ध हो पा रही है।
20 हजार भेजे, 9 हजार के लग गए
युवाओं को राज्य सरकार टीके लगवा रही है। राज्य सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से फिलहाल 3 लाख कोविशील्ड टीके की डोज ली है। फिलहाल अधिक संक्रमण वाले 11 शहरों में टीकाकरण किया जा रहा है। जोधपुर को 20 हजार टीके मिले हैं। एक मई को 299, दो मई को 1461, तीन मई को 3772 और चार मई को करीब 3500 लोगों ने टीका लगाया है। जोधपुर में अब दो दिन का टीका शेष है। वर्तमान में 22 साइट्स पर टीकाकरण किया जा रहा है।
16 लाख को लगाना है टीका
जोधपुर जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के करीब 16 लाख व्यक्ति है लेकिन टीके की उपलब्धता कम होने से अभी ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण शुरू नहीं किया गया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3tgC4dv
0 comments:
Post a Comment