जोधपुर.
आपसी रंजिश के चलते खाण्डा फलसा थानान्तर्गत मोची मार्केट से गत दिनों अपहरण के बाद जानलेवा हमले में घायल एक युवक की गुरुवार को मथुरादास माथुर अस्पताल में मृत्यु हो गई। जानलेवा हमले के मामले को हत्या में तब्दील किया गया। हत्या के छह नामजद आरोपियों में से भी कोई भी पकड़ में नहीं आ सका।
पुलिस ने बताया कि मूलत: कबीर नगर हाल बोम्बे मोटर्स चौराहे के पास निवासी मनान (23) पुत्र अयूब खां गत 17 मई की सुबह सिवांची गेट में ननिहाल से घर लौट रहा था। रास्ते में पांच-छह युवकों ने उसे रोका और मारपीट के बाद मोटरसाइकिल पर अपहरण कर प्रतापनगर थानान्तर्गत ढब्बू बस्ती ले गए, जहां धारदार हथियार व लोहे के सरिए से उसको पीटा। गंभीर हालत में उसे वहीं छोड़ हमलावर भाग गए थे। आस-पास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में देख एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आइसीयू में इलाज के दौरान गुरुवार को उसका दम टूट गया।
कोविड-19 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा गया। उधर, पुत्र के घायल होने का पता लगने पर मां जेबूनिसा अस्पताल पहुंची और पुत्र से मामले की जानकारी ली। थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि मृतक की मां ने मसूरिया सिंधी मुस्लिम बस्ती निवासी बरकत खां पुत्र गनी खां व उसके पुत्र अमान, वसीम पुत्र सिकंदर खां, कबीर नगर निवासी इंसाफ पुत्र सलीम खां, मोबिन पुत्र फारूख खां व सिवांची गेट निवासी जावेद के खिलाफ मामला दर्ज कराया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3wmfiCJ
0 comments:
Post a Comment