जोधपुर.
जिले में शराब के नशे में एक पिता ने पुत्री से बलात्कार का प्रयास किया तो विरोध में पुत्री ने लाठी पिता के सिर पर मार दी। खून बहने से पिता की मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तो बलात्कार का प्रयास व हत्या का मामला दर्ज कर पुत्री को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय एक व्यक्ति शराब का आदी है। वह शराब के नशे में रात घर आया और पिछले हिस्से में चला गया, जहां से उसने 19 वर्षीय पुत्री को पानी पिलाने के लिए आवाज लगाई। पुत्री पानी का लोटा लेकर पहुंची तो पिता ने उसे पकड़ लिया और बलात्कार का प्रयास करने लगा। यह देख पुत्री ने विरोध किया। पास ही रखी लाठी लेकर पिता के सिर पर वार कर दिया। सिर में चोट आई। नशे में होने से वह वहीं गिर गया। उसे छोड़ डरी-सहमी पुत्री घर के आगे वाले हिस्से में मां के पास आकर सो गई। उसने मां को कुछ नहीं बताया।
सुबह होने पर मां उठी और घर के पिछले हिस्से में गई, जहां पति को खून से लथपथ व मृत पाया। उसके चिल्लाने पर पुत्री व पास ही रहने वाले अन्य परिजन वहां आ गए। बाद में पुत्री ने मां व परिजन को पूरी बात बताई।
ग्रामीण भी वहां आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल व एमओबी से जांच के बाद शव मोर्चरी भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक के खिलाफ बलात्कार के प्रयास के साथ-साथ हत्या का मामला भी दर्ज किया है। पुत्री को हिरासत में लेकर अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। वारदात के दौरान मृतक के दो अन्य बच्चे पड़ोस में दादा-दादी के पास सोए थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3uYrKIJ
0 comments:
Post a Comment