जोधपुर.
सूरसागर थानान्तर्गत तिलवाडिय़ा फांटा स्थित नाका पर लॉक डाउन की नाकाबंदी के दौरान एक चालक ने ट्रक रोकने की बजाय पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने एक तरफ होकर जान बचाई तो ट्रक पास खड़ी हेड कांस्टेबल की कार से जा टकराया। बैरियर व शामियाना तोड़कर चालक ट्रक भगा ले गया।
पुलिस के अनुसार हेड कांस्टेबल बाबूलाल कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शुक्रवार रात तिलवाडिय़ा फांटा स्थित नाका पर नाकाबंदी की ड्यूटी में था। रात करीब पौने दस बजे तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रहे एक ट्रक को पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक नहीं रोकी और नाका पर तैनात पुलिसकर्मियों पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। पहले से सतर्क पुलिस ने एक तरफ होकर जान बचाई। इस दौरान ट्रक ने पास खड़ी हेड कांस्टेबल की कार को चपेट में लेकर क्षतिग्रस्त कर दी। साथ ही नाकाबंदी के लिए लगाए दो बैरियर व शामियाना क्षतिग्रस्त कर दिया। फिर वह ट्रक तिलवाडिय़ा फांटा की तरफ भगा ले गया। ट्रक की टक्कर से टूटे बैरियर के लोहे के टुकड़े हेड कांस्टेबल के घुटने में जा लगे और वह घायल हो गया।हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल ने मौके से फरार ट्रक का पीछा किया, लेकिन चालक पकड़ में नहीं आ सका और ट्रक को भगा ले गया। तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं लग पाया। ट्रक नम्बर के आधार पर हेड कांस्टेबल बाबूलाल की तरफ से चालक के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला व सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/332P0ZG
0 comments:
Post a Comment