जोधपुर।
नगर निगम दक्षिण ने निगम गठित होने के पहले ही वर्ष में रिकॉर्ड राजस्व एकत्रित किया है। दक्षिण निगम ने 21 करोड़ 78 लाख से अधिक का राजस्व एकत्रित कर लक्ष्य से अधिक राजस्व जुटाया है। इसमें से 20 करोड़ से अधिक सिर्फ यू.डी टैक्स है, यानि नगरीय विकास कर। अब शहरवासी कर चुकाने के बाद नगर में विकास भी रिकॉर्ड तोड़ होने की उम्मीद में हैं।
राज्य सरकार ने बकाया नगरीय विकास कर, हाउस टैक्स एकमुश्त जमा कराने पर आकर्षक छूट देने की घोषणा की थी। इस छूट का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे इसके लिए नगर निगम दक्षिण की टीम ने अभियान चलाया। कई भवन भी सीज हुए। लगातार राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक की और राजस्व अधिकारियों के सफाई, अतिक्रमण विंग व तकनीकी अधिकारियों की टीम को जोड़ा और वार्डवार शिविरों का आयोजन किया।
पार्षदों व अधिकारियों की टीम
नगर निगम आयुक्त दक्षिण डॉ अमित यादव ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त राकेश कुमार, उपायुक्त विवेक व्यास, उपायुक्त आकांक्षा बैरवा, उपायुक्त रेणु सैनी के निर्देशन में राजस्व अधिकारी सुमन राठौड़, राजस्व निरीक्षक रणवीर देथा, निरंजन चौधरी, नगेन्द्र सिंह की टीम ने रिकॉर्ड राजस्व जुटाया। पार्षदों ने भी इसमें भूमिका निभाई।
अंतिम दिन 4 करोड का राजस्व
निगम को मार्च महीने में 11 करोड़ से अधिक का राजस्व मिला तो वहीं मार्च महीने के आखिरी दिन 31 मार्च को एक ही दिन में 4 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया।
----
उत्तर निगम को 5 करोड़
इसके विपरित नगर निगम उत्तर के पास राजस्व के ज्यादा साधन नहीं है, ऐसे में 31 मार्च तक 5 करोड़ का यूडी टैक्स उत्तर ने जुटाया। आयुक्त रोहिताश्व तोमर ने बताया कि काफी प्रयास के बाद यह राजस्व एकत्रित हुआ है। हालांकि निगम उत्तर की हालत बजट के लिहाज से काफी पतली है। वेतन व अन्य जिम्मेदारियां भी पूरी तरह से नहीं निभाई जा सकती। महापौर कुंती देवड़ा परिहार ने राजस्व अधिकारी रवि कुमार खन्ना, कर निर्धारण विनीता प्रजापत, राजस्व अधिकारी स्वरूप सिंह सिसोदिया, राजस्व निरीक्षक किशन सिंह रत्नु, तोहिष बारासा और नवीन प्रकाश परिहार को सम्मानित किया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3fyIzFm
0 comments:
Post a Comment