धरी रह गई प्रशासन की गाइडलाइन, रंगों से सराबोर हुई सूर्यनगरी

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

जोधपुर. प्रेम सद्भाव का संदेशवाहक होली का त्योहार सूर्यनगरीवासियों ने उमंग-उत्साह के साथ पारम्परिक हर्षोल्लास से मनाया । जिला प्रशासन की गाइडलाइन पालना भी रंगों से सरोबार शहरवासी उमंग उत्साह में भूलते नजर आए। होली दहन के साथ आरंभ हुआ अपणायत भरी रंगों की बौछार का दौर दूसरे दिन सुबह कुछ कम नजर आया। लेकिन जैसे जैसे हुरियाओं और मस्तानों की टोलियां अबीर-गुलाल लिए मित्रों-परिचितों के घर पहुंचने लगी तो सोशल डिस्टेंसिंग की पालना भूलते नजर आए। धुलंडी को जोश,उमंग, उत्साह और मस्ती के रंग में डूबे शहर में राहगीरों को परेशान करने की घटनाओं में खासी कमी से सभ्य रंग भी नजर आए। इस बार रसायनयुक्त रंगों के बजाए अबीर-गुलाल व पानी से होली खेलने के प्रति उत्साह नजर आया। नवविवाहित जोड़ों में प्रथम होली को लेकर खासा उत्साह नजर आया। फागुनी मस्ती से सराबोर त्योहार की शाम को परम्परागत रामा-श्यामा की परम्परा का निर्वहन किया गया।

जमकर हुए ढूंढोत्सव .
धूलंडी को ढोल-थाली व चंग की थाप पर शिशु के जन्म उपरांत प्रथम होली को किए जाने वाले मारवाड़ का प्रमुख संस्कार ढूंढोत्सव के प्रति गेरियों में उत्साह रहा। हालांकि कुछ दिन पहले तक कई लोगों ने ढूंढोत्सव स्थगित तक कर दिया लेकिन शिशु की ढूंढ दूसरे साल नहीं होने की परम्परा के चलते विभिन्न समाजों में ढूंढोत्सव के आयोजनों की धूम रही।

मंडोर क्षेत्र में रावजी की गेर में उमड़ा हुजूम .़

मंडोर क्षेत्र में सोमवार को आयोजित रावजी की गेर में माली समाज के लोगों का हुजूम उमड़ा। गेर में राव राजा बने युवक सदानंद गहलोत पुत्र नरसिंह गहलोत को रंग-बिरंगे परिधानों और लता-पताओं से सुसज्जित कर उसके ईर्द-गिर्द चंग की थाप पर गेर की टोलियां नृत्य व गीत गाते हुए साथ चल रही थी। चंग की थाप पर लूर नृत्य करते गेरियों का उत्साह देखते ही बनता था। धवल वस्त्र में चंग की थाप पर फाग गीत गाते गेरियों का हुजूम मण्डवता मंदिर चौक से रवाना होकर खोखरिया बेरा पहुंचा। राव राजा के नाम पर नवविवाहित युवक सदानंद गहलोत पर सर्व सहमति के बाद उसे विधिवत आशीर्वाद प्रदान कर रवाना किया गया। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न रास्तों से होते हुए रावजी की गेर शाम करीब सात बजे मंडोर स्थित रावजी के कुण्ड पहुंचकर विसर्जित हुई। मेले में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, राज्य सभा सदस्य राजेन्द्र गहलोत आदि ने गेर में शामिल शहरवासियों को होली की बधाई दी। केन्द्रीय मंत्री शेखावत तो गेरियों के संग नृत्य करते समय मास्क लगाना तक भूल गए लेकिन एक कार्यकर्ता ने जब उन्हें आभास कराया तो तुरंत मास्क पहन लिया। जोधपुर शहर जिला युवक कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव लक्ष्मण सिंह सोलंकी ने राव की गेर मेले में सहयोगी जिला व पुलिस प्रशासन का आभार जताया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3u4uP93
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment