जोधपुर. कोरोना के कारण देश में सबसे बड़ा झटका आयुष (आयुर्वेद, होम्यापैथी, यूनानी, प्राकृतिक चिकित्सा एवं योगा) पाठ्यक्रम को लगा है। शैक्षणिक सत्र 2020-21 में प्रवेश के लिए आयुष काउंसलिंग प्रक्रिया अब तक जारी है जबकि कई राज्यों के स्कूली बोर्ड, विवि और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी अब सत्र शैक्षणिक सत्र 2021-22 की परीक्षाओं की तैयारी में जुटी है। राजस्थान में यूजी आयुष काउंसलिंग का द्वितीय मॉप अप राउण्ड बुधवार को ही समाप्त हुआ है। इसमें भाग लेने वाले छात्र छात्राओं को शुक्रवार को करवड़ स्थित डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विवि में रिपोर्ट करना है। इसके बाद इन विद्यार्थियों को कॉलेज आवंटन होगा। दस दिन बाद होली का त्योहार है। ऐसे में अब इनकी विधिवत् कक्षाएं अप्रेल के प्रथम सप्ताह में ही शुरू होने की उम्मीद है। शैक्षणिक सत्र की लेटलतीफी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 15 अप्रेल से प्रदेश के विवि में शैक्षणिक सत्र 2020-21 की स्वयंपाठी व नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू हो रही है, जबकि आयुष में पढ़ाई शुरू होगी।
3 महीने से चल रही है काउंसलिंग
केंद्रीय आयुष मंत्रालय की ओर से नीट की काउंसलिंग के बाद आयुष काउंलिंग के लिए शेड्यूल जारी किया जाता है। राजस्थान में 14 दिसम्बर से आयुष काउंसलिंग शुरू हुई है। जोधपुर स्थित आयुर्वेद विवि में काउंसलिंग बोर्ड है। विद्यार्थियों को प्रवेश देते देते बोर्ड को तीन महीने हो गए हैं। अब संभवतया: 19 मार्च के बाद काउंसलिंग बंद हो सकती है। वैसे हर साल सितम्बर में काउंसलिंग शुरू होती है जो अक्टूबर/नवम्बर में पूरी हो जाती है और नवम्बर में कक्षाएं भी शुरू हो जाती है। कक्षाएं चार महीने देरी से शुरू हुई है।
अन्य पाठ्यक्रम में कब से शुरू हुई कक्षाएं
- देश के विधि विवि की प्रवेश परीक्षा क्लेट का परिणाम 28 सितम्बर को घोषित हुआ। अगले महीने सीट आवंटन हो गया और पढ़ाई शुरू हो गई।
- देश की आइआइटीज और अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए आइआइटी जेईई मुख्य परीक्षा का परिणाम 11 सितम्बर को जारी हो गया। नवम्बर/दिसम्बर में प्रवेश प्रक्रिया खत्म हो गई।
- मेडिकल कॉलेज की प्रवेश परीक्षा नीट का परिणाम 16 अक्टूबर को जारी हुआ और 18 दिसम्बर को प्रवेश की अंतिम तारीख थी।
- प्रदेश के विवि में प्रवेश प्रक्रिया जून/जुलाई में शुरू हो गई और अप्रेल से परीक्षाएं प्रस्तावित है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3s4GuEi
0 comments:
Post a Comment