जोधपुर. शहरवासियों में कोविड वैक्सीनेशन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। घरों में 45 वर्ष से अधिक आयु के बीमारों व 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग वैक्सीनेशन कराने अस्पताल पहुंच रहे हैं। गत 1 मार्च से शुरू हुए इस अभियान का गुरुवार को चौथा सत्र आयोजित हुआ। आरसीएचओ डॉ. कौशल दवे ने बताया कि गुरुवार को अभियान के चौथे दिन टीकाकरण के लिए जोधपुर में 40 कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर 2532 लाभार्थियों को कोविड की प्रथम डोज लगाई गई। जिसमें से 60 वर्ष से अधिक आयु वाले 2127 लाभार्थी एवं 45 से 59 आयु वर्ग वाले गंभीर बीमारियों से ग्रसित 124 पात्र लाभार्थियों का कोविड वैक्सीनेशन किया गया। उन्होंने बताया कि साथ ही वंचित रहे 259 स्वास्थ्यकर्मी व 22 फ्रंटलाइन वर्कर को प्रथम डोज लगाई गई। वही 1329 लाभार्थियों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। एमडीएम अस्पताल में मेडिकल कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर ऑर्थोपेडिशियन डॉ. राजेश्वर कल्ला ने वैक्सीन लगाई। किडनी ट्रांसप्लांट करवा चुके शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कांति जोशी ने भी नवचौकिया अस्पताल में टीका लगवाया। डॉ. जोशी ने कहा कि वैक्सीन बिलकुल सुरक्षित है। एमडीएम अस्पताल में 84 वर्षीय लीला देवी ने भी टीका लगवाया।
1 संक्रमित की मौत, 17 नए कोरोना रोगी सामने आए
एमडीएम अस्पताल में एक कोरोना संक्रमित युवक की मौत हो गई। जबकि इससे पहले गत 25 फरवरी को एम्स जोधपुर में एक संक्रमित की मौत हुई थी। गुरुवार को 17 नए कोरोना रोगी मिले और 8 को डिस्चार्ज दिया गया। मार्च माह के 4 दिनों में 71 संक्रमित रोगी सामने आ चुके हैं और एक मौत हो चुकी है। अब तक 61353 रोगी संक्रमित और 923 की मौत हो चुकी है। एमडीएम अस्पताल में पावटा शिप हाउस निवासी गौतम ( 28) की मौत हो गई । मृतक की रिपोर्ट में अन्य बीमारी भी अंकित की गई है। जोन अनुसार रिपोर्ट में प्रतापनगर, शहर परकोटा व मसूरिया से 1-1, शास्त्रीनगर-2, मधुबन-रेजिडेंसी से 4-4 संक्रमित सामने आए। देहात सालावास (लूणी), भोपालगढ़, बावड़ी व शेरगढ़ से 1-1 संक्रमित मिला।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3uPIN01
0 comments:
Post a Comment