जोधपुर.
राइकाबाग स्थित रोडवेज बस स्टैण्ड पर खड़ी बस में बस स्टाफ बताकर दो युवकों ने यात्री को बातों में उलझाया और जेब से पर्स व डॉक्यूमेंट कवर चुरा लिया। पर्स से 26 हजार रुपए ले गए और दस्तावेज बस में फेंक दिए। जिन्हें बस चालक ने यात्री तक पहुंचाए।
पुलिस के अनुसार सुमेरपुर में मुख्य बाजार निवासी छोगालाल पुत्र भीका कुमावत गत 11 फरवरी की दोपहर तीन बजे सुमेरपुर जाने के लिए रोडवेज बस स्टैण्ड पर बस में बैठा था। इतने में दो युवक आए और खुद को बस स्टाफ बताते हुए स्टाफ की सीट खाली करने का आग्रह किया। यह सुन छोगालाल सीट से उठकर दूसरी सीट पर जाने लगा। तभी एक युवक ने उसे उसी सीट पर बैठने को कहा। तब वह दुबारा उसी सीट पर बैठ गया। इस दौरान युवकों ने ध्यान बंटाकर बस में भीड़-भाड़ का फायदा उठाया और यात्री की जेब से डॉक्यमेंट कवर चुरा लिया। जिसमें 26 हजार रुपए के साथ ही पेन कार्ड, आधार कार्ड, लाइसेंस, फोटो व घरेलू दस्तावेज थे। बस के रवाना होने से पहले दोनों युवक नीचे उतर गए।
इस बीच, बस के भैरूजी चौराहा पहुंचने पर कंडक्टर को टिकट के रुपए देने के लिए यात्री ने पर्स संभाला तो गायब था। उसने पुत्र को सूचना दी। साथ ही पुलिस अधिकारी को फोन कर वारदात से अवगत कराया। साथ ही ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और सुमेरपुर स्थित घर पहुंचा।
पते के आधार पर घर भिजवाए दस्तावेज
इस बीच, पोमावा गांव निवासी एक व्यक्ति छोगालाल के घर पहुंचे और पर्सनुमा डायरी सौंपी। जिसमें उनके दस्तावेज थे। जो बस में जेब तराशों ने चुरा लिए थे। चोरों ने पर्स से 26 हजार रुपए चुराने के बाद एक अन्य बस में पर्स व दस्तावेज फेंक दिए थे। बस चालक को मिले तो उस पर लिखे पते के आधार पर घर भिजवा दिए। पीडि़त छोगालाल थाने पहुंचा और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3tYEQW2
0 comments:
Post a Comment