जोधपुर. धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माघ महीने की द्वितीया को सूर्यनगरी के रामदेव मंदिरों में पूरे दिन श्रद्धालुओं की रेलमपेल रही। लोकदेवता बाबा रामदेव की प्राकट्य तिथि बीज के उपलक्ष्य में मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर में दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर संचालक पीपा क्षत्रिय समस्त न्याति सभा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्र चौहान ने बताया कि अल सुबह से ही भक्तों के मंदिर पहुंचने के क्रम देर शाम तक अनवरत जारी रहा। राईका बाग स्थित युगल जोड़ी बाबा रामदेव मंदिर में सैनाचार्य अचलानंदगिरि के सान्निध्य में ध्वजारोहण के बाद नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया गया। अलसुबह बाबा रामदेव व रानी नेत्तल की प्रतिमा का पंचामृत से अभिषेक कर विशेष शृंगार किया गया। दादा दरबार सिद्धनाथ के गादीपति महंत मुनेश्वर गिरि व कनाना महंत परशुराम गिरि के मुख्य आतिथ्य में मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के दौरान महापौर उत्तर कुंती देवड़ा, महापौर दक्षिण वनिता सेठ, वीणा कच्छवाहा, उप महापौर किशन लड्डा, पार्षद सुमन सैन, पार्षद धीरज चौहान आदि मौजूद थे। उत्तर व दक्षिण महापौर ने अखंड धूणी में आहुतियां देकर देश में सुख-समृद्धि का कामना की। दोपहर में साधु-संतों के प्रवचन, शाम को भजन संध्या हुई। मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर समिति की ओर से रघुवीर सिंह भदावत, जगदीश भाटी, भंवर भुंडेल, नयन चौहान, नरेंद्र पंवार, धर्मीचंद सोलीवाल आदि ने संतों व महापौर का स्वागत किया। सैनाचार्य के प्रतिनिधि रघुवीर सिंह भदावत ने बताया कि गुप्त नवरात्र के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3b96Qhs
0 comments:
Post a Comment