जोधपुर।
नगर निगम दक्षिण के राजस्व बढ़ाने के अभियान में अब वार्ड प्रभारियों को भी लक्ष्य बांट दिए गए हैं। साथ ही निर्धारित लक्ष्य से कम वसूली करने पर कार्रवाई करने का प्रावधान भी कर दिया है। नगर निगम आयुक्त दक्षिण डॉ.अमित यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने बकाया यूडी टैक्स, गृह कर, लीज राशि जमा कराने पर छूट का प्रावधान किया है और 31 मार्च तक की छूट जारी रहेगी। इसी कड़ी में नगर निगम दक्षिण के सभी वार्ड प्रभारियों को यूडी टैक्स वसूली के लिए टारगेट दिए गए हैं। यादव ने बताया कि प्रत्येक वार्ड प्रभारी को वार्ड के कुल बकाया का 20 प्रतिशत राजस्व एकत्रित करने का लक्ष्य दिया गया है, वार्ड निरीक्षण की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों को दे रखी है, उन्हें भी लक्ष्य को पूरा करने में सहयोग के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्ड स्वैप मशीन भी राजस्व अधिकारियों को दी गई है।
ट्रेड लाइसेंस पर भी फोकस
नगर निगम आयुक्त डॉ. अमित यादव ने बताया कि ट्रेड लाइसेंस बनाने को लेकर भी अभियान शुरू किया जा रहा है। जिन्होंने अभी तक ट्रेड लाइसेंस नहीं लिया है वे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वार्ड प्रभारी इसके लिए भी जागरूकता फैलाएंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NhqRKQ
0 comments:
Post a Comment