बिलाड़ा (जोधपुर). सीरवी नवयुवक मंडल परगना समिति के तत्वावधान में यहां सीरवी बगीची में रविवार को आयोजित हुए रक्तदान शिविर में 432 लोगों ने रक्तदान कर एक कीर्तिमान स्थापित किया। रक्तदाताओं में 27 महिलाओं ने भी रक्तदान किया, जिन्हें रक्तवीर के तौर पर सम्मानित किया गया।
अब तक 2600
समिति के तत्वावधान में इस पांचवे रक्तदान शिविर के आयोजन के सहित रिकॉर्ड 2 हजार 6 सौ रक्त वीर रक्तदान कर चुके हैं। शिविर के दौरान बगीची में मेले जैसा माहौल रहा तथा शाम तक 432 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें 27 महिला रक्तवीरों की भी भागीदारी रही। इस बार रक्त संग्रह करने के लिए एस. एस सिसोदिया की पारस ब्लड बैंक टीम, डॉक्टर सुमित्रा की मथुरादास माथुर चिकित्सालय जोधपुर की टीम तथा डॉक्टर मांगीलाल सीरवी की पाली बांगड़ अस्पताल की टीमों को बुलाया गया था। इन तीनों टीमों के रहने से कम समय में ही 432 लोगों ने रक्तदान कर दिया।
हौंसला अफजाई के लिए न्यायाधीश भी रहे मौजूद
रक्तदान के लिए आने वाले लोगों की हौंसला अफजाई के लिए वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश दुड़ाराम खोकर, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति बीआर चौधरी, पालिकाध्यक्ष रूपसिंह परिहार, पूर्व राजस्व मंत्री मिश्रीलाल चौधरी, बिलाड़ा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरमराम बिश्नोई, तहसीलदार ताराचंद प्रजापत, पुलिस उपअधीक्षक हेमंत नोगिया, ट्रोमा सेंटर प्रभारी ताराचंद रामावत, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एनके गर्ग के अलावा उद्यमी तुलसाराम सीरवी, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष महेंद्रसिंह राठौड़ के अलावा पार्षद एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
परोपकार करना वीरों का गहना
शिविर के दौरान वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश दुड़ाराम खोखर ने कहा रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता है। आपके खून की चंद बूंदों से किसी घर का चिराग बुझने से बच सकता है। उन्होंने कहा परोपकार करना वीरों का गहना है।
कुलपति बी. आर. चौधरी ने कहा कि रक्तदान पुनीत कार्य है, जिसके लिए समाज के हर वर्ग और सामाजिक संगठनों को आगे आना चाहिए। पूर्व मंत्री मिश्रीलाल चौधरी ने कहा इस तरह के आयोजनों से ना जाने कितने जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है। आयोजन का संचालन वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने किया, नवयुवक मण्डल अध्यक्ष तरुण मुलेवा ने आभार व्यक्त किया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ZDD4vW
0 comments:
Post a Comment