जोधपुर.
लूनी थानान्तर्गत जोधपुर-बाड़मेर सीमा के पास सनाई गांव में मंगलवार मध्यरात्रि शॉर्ट सर्किट से चलते ट्रेलर में भीषण आग लग गई। गनीमत रही चालक ने समय रहते बाहर कूदकर जान बचाई। दमकल के आग पर काबू पाने से पहले ट्रेलर जलकर खाक हो गया।
थानाधिकारी सीताराम पंवार ने बताया कि उत्तेसर गांव निवासी भगाराम पुत्र पूनाराम जाट चूने से भरा ट्रेलर लेकर रात दो बजे घर से रवाना हुआ। वह सनाई गांव के पास पहुंचा तो चलते ट्रेलर में आग लग गई। लपटें निकलती देख चालक ने सड़क किनारे ट्रेलर रोका व बाहर कूद गया। कुछ देर में ट्रेलर आग से घिर गया। ट्रेलर से तेज लपटें आसमान छूने लगी। चालक ने पानी व मिट्टी आदि डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आस-पास के लोगों ने भी मदद के प्रयास किए। गश्त कर रही पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। जोधपुर से दमकलों के साथ अग्निशमन कर्मचारी भी मौके पर आए व मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रेलर जल चुका था।
पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट की वजह से ट्रेलर में आग लगी थी। चालक भगाराम ने एक अन्य साझेदार के साथ मिलकर कुछ समय पहले ही ट्रेलर खरीदा था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3m7jMI8
0 comments:
Post a Comment