जोधपुर. भारत-पाक के मध्य 1971 में हुए युद्ध में भारत की विजय स्वर्ण जयंती के मौके पर जोधपुर में आर्मी की कोणार्क कोर की ओर से शुरू की गई साइक्लोथॉन का रविवार को जैसलमेर के लोंगेवाला में समापन हुआ। साइकिल अभियान ने रीले फार्मेट में गुजरात व राजस्थान में 1971 किलोमीटर की यात्रा की।
लोंगेवाला पहुंची साइक्लोथॉन का स्वागत सेवानिवृत्त कर्नल हेम सिंह शेखावत ने किया। शेखावत 1971 के भारत पाक युद्ध के दौरान प्रसिद्ध चाचरो छापे का हिस्सा थे। अभियान के अंतिम चरण का नेतृत्व कोणार्क कोर के कमाण्डर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने स्वयं किया। कोर कमाण्डर अपनी टीम के साथ शनिवार को साइकिल से जोधपुर से जैसलमेर होते हुए लोंगेवाला पहुंचे। सीमावर्ती शहर में रहने वाले सेवानिवृत्त दिग्गजों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में कोणार्क कोर की टीम का स्वागत किया गया।
साइक्लोथॉन की शुरुआत 26 नवंबर को गुजरात की सीमा चौकी लखपत से हुई थी। साइक्लोथॉन के संचालन के दौरान, गुजरात और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर कई चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए, जहां पूर्व सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों की चिकित्सा जांच की गई और आवश्यक दवा का प्रबंध किया गया। साइकिल चालकों ने स्थानीय आबादी के बीच कोविड-19 की जागरूकता फैलाई और सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ व्यापक मेल मिलाप सुनिश्चित किया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3lRTSI2
0 comments:
Post a Comment