जोधपुर. प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को दिन और रात के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई। पर्वतीय स्थल माउंट आबू (Mount Abu) में पारा एक बार फिर से 4 डिग्री पर पहुंच गया, जिससे वहां कड़ाके की सर्दी रही। मैदानी इलाकों में भीलवाड़ा 9.2 डिग्री के साथ सर्वाधिक ठंडा जिला मुख्यालय रहा। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिन तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा लेकिन सप्ताहांत में रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
सूर्यनगरी (Jodhpur) में मंगलवार को न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री गिरकर 14.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह-सुबह गुलाबी सर्दी के कारण शहर वासियों को स्वेटर व जैकेट पहनने पड़े। दिन चढऩे के साथ मौसम सामान्य होता गया और सर्दी का असर गायब हो गया। दोपहर में तापमान कल की तुलना में करीब आधा डिग्री नीचे आकर 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर तेज धूप खिली रही। शाम ढलने के बाद फिर से तापमापी में गिरावट आने से हल्की सर्दी महसूस की गई। जिले के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में सर्दी का असर अधिक देखा गया। फलौदी में न्यूनतम तापमान 17.6 और अधिकतम 34.4 डिग्री रहा।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 16.1 और अधिकतम 33 डिग्री रहा वहीं बाड़मेर में रात का पारा 16.6 और दिन का 33.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। चित्तौडगढ़़ 10.4 और चूरू 10.5 डिग्री की सर्दी रही।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3ngJ3R7
0 comments:
Post a Comment