विकास चौधरी
जोधपुर. जोधपुर सेन्ट्रल जेल कुछ बंदियों के लिए कमाई का जरिया बन गया है। जेल प्रहरियों की मिलीभगत से पुराने कैदी व बंदी मोबाइल और अन्य निषेध सामग्री मंगवाकर ऊंचे दामों पर दूसरे बंदियों को मुहैया करवा रहे हैं। गत माह एक कैदी के शरीर से चार मोबाइल निकलने के मामले में रातानाडा थाना पुलिस की गिरफ्त में आने वाले कैदियों से पूछताछ में यह सामने आया है।
पांच-दस गुना कीमत पर मुहैया करा रहे निषेध सामग्री
जेल में कैदी देवाराम भील के शरीर से चार मोबाइल निकलने के मामले में कैदी शिवलाल प्रजापत व बालचंद तंवर को गिरफ्तार किया गया था। इनसे जांच में सामने आया कि कैदी शिव व बालचंद प्रहरियों की मदद से मध्यस्थों के मार्फत मोबाइल, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, हीटर स्प्रिंग व अन्य सामग्री जेल में मंगाते थे। जिन्हें फिर मुख्य जेल में बंदी व कैदियों को पांच से दस गुणा दाम पर बेचे जाते थे। एक हजार रुपए के मोबाइल के पांच हजार रुपए तक वसूले जाते थे। रातानाडा थानाधिकारी रमेश शर्मा का कहना है कि दोनों कैदियों ने चारों मोबाइल मंगाए थे। जो जेल में दूसरे बंदियों को कई गुणा अधिक दर पर दिए जाने थे।
दो प्रहरी सहित अब तक छह गिरफ्तार
कुकर्म करने पर सजा काट रहे कैदी देवाराम भील के शरीर से गत १८ सितम्बर को चार मोबाइल निकले थे। उद्योगशाला से मुख्य जेल में जाने के दौरान वह गुदा में चारों मोबाइल छुपाकर ले गया था। तबीयत बिगडऩे पर एमडीएम अस्पताल में ऑपरेशन से चारों मोबाइल निकाले गए थे। इस मामले में देवाराम के साथ जेल प्रहरी अशोक व कैलाश साहू को गिरफ्तार किया गया था। कैदी शिवलाल व बालचंद को भी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3jAu0PI
0 comments:
Post a Comment