जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने जिला विशेष टीम (डीएसटी) की मदद से रविवार शाम थाने के सामने बाइपास पर ट्रेलर से 765 किलो डोडा पोस्त व अफीम का एक किलो दूध जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ रांची से बाड़मेर में पचपदरा ले जाया जा रहा था।
थानाधिकारी जुल्फिकार अली के अनुसार अजमेर नम्बर का एक ट्रेलर बाइपास होकर निकल रहा था। डीएसटी को उसमें मादक पदार्थ भरा होने की सूचना मिली। पुख्ता सूचना होने पर कुड़ी भगतासनी थाने के सामने बाइपास पर नाकाबंदी कर ट्रेलर रोक लिया गया। तलाशी लेने पर उसमें स्टील प्लेटों के ऊपर प्लास्टिक के 45 कट्टे भरे मिले। इनकी जांच करने पर सभी में डोडा पोस्त भरा था। ट्रेलर को थाने लाया गया, जहां वजन करने पर प्लास्टिक कट्टों में 765 किलो डोडा पोस्त व अफीम का एक किलो दूध जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर ढांढणिया भायला गांव निवासी हड़मानराम (32) पुत्र भंवरलाल जाट को गिरफ्तार किया गया। ट्रेलर भी हड़मानराम का है। जिसे जब्त किया गया।
रांची से लाकर पचपदरा में देनी थी सप्लाई
पुलिस का कहना है कि आरोपी हड़मानराम ने जमशेदपुर टाटा से गांधीधाम के लिए स्टील प्लेटें (पाटे) भरी थी। फिर उसने रांची से स्टील प्लेटों पर डोडा पोस्त से भरे कट्टे भरे थे। इन मादक पदार्थ की आपूर्ति उसे पचपदरा के आस-पास किसी को सप्लाई देनी थी। मादक पदार्थ ट्रेलर में भरवाने और पचपदरा में मंगवाने वाले तस्कर के संबंध में जांच की जा रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2GWYC06
0 comments:
Post a Comment