नंदकिशोर सारस्वत
जोधपुर. जोधपुर की बालिका कोमल टुकडिय़ा ने टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी ) में सोमवार को प्रसारित एपिसोड में बिग बी की ओर से पूछे गए सवालों के बेबाकी और प्रभावशाली ढंग से जवाब देकर न केवल 12.5 लाख की राशि जीती बल्कि अमिताभ बच्चन के साथ करोड़ों दर्शकों का दिल भी जीत लिया। अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने वाली बालिका कोमल की प्रारंभिक शिक्षा जालोरीगेट स्थित बालवाड़ी स्कूल में हुई है। वर्तमान में बीएसएसी कर रही कोमल ने पत्रिका से विशेष बातचीत में बताया की जोधपुर में 2005 से निवासरत है। कोमल ने बताया की जब पहली बार में ही केबीसी चयन होने की सूचना मिली तो पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। जब बिग बी के सामने हॉट सीट पर बैठी तो थोड़ी नर्वस हो गई लेकिन बिग बी ने कुछ ही देर में बातचीत कर नर्वसनेस को दूर कर दिया।
मम्मी पापा का सपना पूरा किया
दरअसल हॉट सीट पर बैठकर मैने अपने पापा और मम्मी के केबीसी में प्रतिभागी बनने के ड्रीम को पूरा किया। जोधपुर की बालिकाओं के बारे में कोमल ने कहा की महानगरीय संस्कृति में ढल रहे जोधपुर के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी बालिका शिक्षा में आने वाली बाधाओं और कमी को दूर करने की जरूरत है। बालिकाओं को अपने सपने पूरे करने के लिए हर संभव संघर्ष करना चाहिए।
पापा के होम लोन चुकाने में राशि का उपयोग
जीत की राशि के बारे में कोमल ने कहा की पिता के होम लोन में सहयोग और अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखने में उपयोग करूंगी। पढऩे की शौकीन कोमल ने बताया की नीट की तैयारी भी की है। गाने सुनना, फिल्मे देखना शौक है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही हूं। कोमल ने कहा की उनका परिवार मूलत: गुजरात से है तो नवरात्रि में माताजी की आराधना और गरबा इस बार कोरोना के कारण घर में परिवार के साथ ही करेंगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3lEVR2E
0 comments:
Post a Comment