जोधपुर.
शादी समारोहों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 50 से ज्यादा करने की मांग को लेकर जोधपुर वैडिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोग गुरुवार को सड़क पर उतर आए। कलक्ट्रेट की ओर जा रही इनकी वाहन रैली पुलिस ने अनुमति नहीं होने से शास्त्री सर्किल पर रोककर वापस भेज दी। बाद में एक प्रतिनिधिमण्डल ने जिला कलक्टर को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के तत्वावधान में टेंट, फोटोग्राफर, इवेंट, फूल, लाइट, जनरेटर, बैण्ड, ऑर्केस्ट्रा, डीजे साउण्ड, कैटरिंग, हलवाई व मैरिज गार्डन संचालक बासनी औद्योगिक क्षेत्र में एक मैरिज गार्डन से वाहन रैली के रूप में कलक्ट्रेट के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने इन्हें रोक दिया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उमेश ओझा ने रैली वापस ले जाने को कहा तो एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य अड़ गए। इस पर अतिरिक्त जाब्त बुला लिया गया। पुलिस ने समझाइश के साथ ही कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी तो रैली मैरिज गार्डन लौट गई। वहां से दस सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल दो वाहनों से कलक्टर कार्यालय गया। पांच सदस्यों को कलक्टर से मिलने की इजाजत दी गई।
इन मांगों के निस्तारण का आग्रह...
- शादी समारोह में ५० लोगों के शामिल होने की लिमिट बढ़ाकर तीन सौ-चार सौ की जाए।
- समारोहस्थल को शादी शुरू होने से पहले व समाप्ति पर सेनेटाइज किया जाए।
- समारोह की समयावधि शाम ७ से रात दस बजे की जाए।
- सोशल डिस्टेंसिंग की पालना के साथ कुर्सियों पर बैठने की व्यवस्था हो।
- समारोहस्थल प्रति व्यक्ति सौ फुट के हिसाब से होने की अनिवार्यता की जाए।
- आगन्तुक मेहमानों की थर्मामीटर से जांच हो।
- शराब, पान, गुटखा व सिगरेट पर पाबंदी।
- ६५ वर्ष या इससे अधिक और दस वर्ष से कम आयु वालों को प्रवेश पर पाबंदी।
आर्थिक स्थिति खराब
प्रतिष्ठित फोटोग्राफर एवं इवेंट प्लानर अशोक कनौजिया ने बताया कि शादियों का सीजन एक ऐसा उत्सव है जो शादी वाले घर के साथ पूरे बाजार में बहार लेकर आता है। लेकिन अभी पूरा बाजार प्रभावित है। लाइट एंड साउंड व्यवसायी अनिल राजन ने बताया कि जोधपुर के टेंट एवं लाइट एंड साउंड व्यवसायी जब भी सरकार और प्रशासन को जरूरत हुई उनके आदेश पर आगे आकर सहयोग करते रहे हैं। इस संकट की घड़ी में उनको भी सहयोग करना चाहिए। टेंट एवं केटरिंग व्यवसायी महेंद्र सिंघवी ने बताया कि विवाह का सीजन व्यवसाय 15 मार्च से पूरी तरह से बंद पड़ा है। कई लोग बेरोजगार हुए हैं। एसोसिएशन के गोपालसिंह भलासरिया,हनुमान प्रताप गहलोत, जितेन्द्र फोफलिया, गजसिंह गौर, सुनील भाटी, अशोक अरोड़ा ने बताया कि शादी से जुड़े कामकाज बंद होने से शादी समारोहों से जुड़े व्यवसायियों की आर्थिक हालत खराब है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3brse10
0 comments:
Post a Comment