जोधपुर.
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) ने बिलाड़ा में खारिया मीठापुर के पास लग्जरी कार से 2.75 करोड़ रुपए का 5.5 किलो सोना जब्त करने के मामले में जोधपुर के ज्वैलर शिवनारायण एण्ड कम्पनी के मालिक शिवनारायण अग्रवाल को शनिवार को गिरफ्तार किया। वहीं, ज्वैलर का पुत्र डीआरआइ के सामने न आकर गायब है। ज्वैलर के घर से 1.35 करोड़ रुपए की 220.996 किलो चांदी जब्त की गई है।
डीआरआइ सूत्रों के अनुसार प्रकरण में जोधपुर के सरदारपुरा प्रथम ए रोड निवासी शिवनारायण एण्ड कम्पनी के मालिक शिवनारायण अग्रवाल का पुत्र शशांक मास्टर माइण्ड है। पिता शिवनारायण को पूरे मामले की जानकारी थी। एेसे में शिवनारायण अग्रवाल को सीमा शुल्क अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। अधिवक्ता विपुल सिंघवी व हिमांशु पारीक ने डीआरआइ का पक्ष रखते हुए मामले को गंभीर बताया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने शिवनारायण अग्रवाल को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए।
मामले में पूछताछ के लिए शशांक को बुलाया गया, लेकिन वो डीआरआइ के समक्ष पेश नहीं हुए। डीआरआइ का मानना है कि ज्वैलर का पुत्र भूमिगत है। डीआरआइ ने ज्वैलर के घर की तलाशी लेकर 1.35 करोड़ रुपए की 220.996 किलो चांदी भी जब्त की।
डीआरआइ का दावा : जब्त सोना तस्करी
मैसर्स शिवनारायण एण्ड कम्पनी के तीन कर्मचारी शुक्रवार सुबह कार में ५.५० किलो सोना लेकर जयपुर से जोधपुर आ रहे थे। खारिया मीठापुर के पास डीआरआइ ने उन्हें रोका था। लुटेरों के संदेह में पीएसओ मनोहरसिंह ने फायरिंग कर दी थी। जिससे डीआरआइ टीम में शामिल गवाह सुमेर सैन की पीठ में गोली लगी थी। जो एम्स में भर्ती है और हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। बिल व दस्तावेज के अभाव में डीआरआइ ने २.७५ करोड़ रुपए का ५.५ किलो सोना जब्त किया था। यह सोना स्विस मार्का का है। डीआरआइ का दावा है कि सोना तस्करी करके लाया गया था। जोधपुर में लम्बे समय से सोने की तस्करी की जा रही थी।
पीएसओ सहित तीनों आरोपी जेल में
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुनील के पंवार ने बताया कि डीआरआइ पर फायरिंग करने के मामले में महादेव नगर निवासी पूर्व सैनिक मनोहरसिंह, भगत की कोठी निवासी बाबूसिंह व पाल गांव निवासी रतन कच्छवाह को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक-एक दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए। आरोपी मनोहरसिंह ने जिस पिस्तौल से गोली चलाई थी वो उसकी लाइसेंसशुदा है। हालांकि इस संबंध में अभी तस्दीक की जा रही है। आरोपियों को रविवार को दुबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के बाद संभवत: डीआरआइ उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करेगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2FXtgpC
0 comments:
Post a Comment