जोधपुर. मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को मिला-जुला मौसम रहा। बाड़मेर और जैसलमेर में हल्की बरसात रिकॉर्ड हुई वहीं जोधपुर में दिनभर बादलों की आवाजाही और तेज हवा रहने के बावजूद एक बार फिर से मौसम ने निराश किया। लोग दिनभर उमस से बेहाल रहे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी बरसात होने की पूरी उम्मीद है। सोमवार और मंगलवार को तेज़ बरसात का पूर्वानुमान जताया गया है।
सूर्य नगरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में अत्यधिक नमी के कारण हमेशा की तरह उमस भरा मौसम रहा। सुबह से ही धूप निकल आने से तेज गर्मी शुरू हो गई। दिन चढऩे के साथ सूरज व बादलों की आंख मिचौनी चलती रही। दिन में कई बार तेज हवा के साथ बरसाती बादल आए लेकिन वे बिन बरसे ही आगे बढ़ गए। दोपहर में तापमान 35.6 डिग्री तक पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार अच्छी बरसात की संभावना बरकरार है। शनिवार को बादलों का हुजूम प्रदेश के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से की तरफ था।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 29.3 और अधिकतम 38.7 डिग्री रहा वहीं बाड़मेर में रात का पारा 28 और दिन का 38.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2YrEkBX
0 comments:
Post a Comment