जोधपुर. जोधपुर एयरपोर्ट से दो सितम्बर से चैन्नई व बेंगलुरू के लिए रुटिन फ्लाइट शुरू हो रही है। दोनों ही फ्लाइट इंडिगो एयरलाइंस संचालित करेगी। पांच महीने बाद अब जोधपुर एयरपोर्ट रुटिन ऑपरेशन शुरू करने जा रहा है।
केंद्रीय नागरिक विमानन निदेशालय ने शुक्रवार को देश में नए शेड्यूल रूट जारी किए। जोधपुर के लिए केवल इंडिगो कम्पनी ने रुट मांगे। कम्पनी दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों की बजाय चैन्नई व बेंगलुरू रूट पर अधिक यात्रीभार के कारण उड़ानें शुरू कर रही है। कोविड-19 संक्रमण के कारण जोधपुर में मार्च से रूटीन फ्लाइट्स बंद हैं। केंद्र सरकार ने जून में घरेलू उड़ानें शुरू कर दी थी लेकिन सरकारी कंपनी एयर इंडिया सहित किसी भी निजी कंपनी ने जोधपुर के लिए फ्लाइट शेड्यूल लेने में रुचि नहीं दिखाई। इससे पहले अक्टूबर 2019 से मार्च 2020 तक जोधपुर में 24 फ्लाइट संचालित हो रही थी।
दोपहर 12.40 चैन्नई व 2 बजे बेंगलुरू की फ्लाइट
इंडिगो की फ्लाइट दो सितम्बर से शुरू होगी। जोधपुर से फ्लाइट संख्या 6 ई6014 दोपहर 12.40 बजे रवाना होकर अपराह्न 3.15 बजे चैन्नई पहुंचेगी। चैन्नई-जोधपुर फ्लाइट 6ई6013 का समय सुबह 9.30 बजे है जो दोपहर 12.05 पर जोधपुर उतरेगी। जोधपुर से बेंगलुरू के लिए फ्लाइट दोपहर 2 बजे के बाद संचालित होगी। बेंगलुरू यात्रा के लिए करीब पौने तीन घण्टे लगेंगे। बेंगलुरू से जोधपुर के लिए फ्लाइट सुबह की रहेगी।
चैन्नई के लिए 19 चार्टर देख इंडिगो ने उड़ान भरी
अगस्त महीने में जोधपुर से 19 चार्टर्ड फ्लाइट संचालित हुई जो केवल चैन्नई के लिए थी। एक भी चार्टर किसी एयरलाइंस कम्पनी या धनी व्यक्ति ने बुक नहीं किया। एजेंटों ने ही प्राइवेट बस की तरह पूरी सीटें बुक करके इसे बाद में यात्रियों से सम्पर्क करके बेची। चार्टर प्लेन इंडिगो व स्पाइसजेट के थे। चैन्नई के लिए अच्छा खासा यात्री भार देखकर ही इंडिगो ने अब यहां नियमित फ्लाइट शुरू करने का मानस बनाया है। जोधपुर-चैन्नई रूट पर संभाग के समस्त जिलों के व्यक्ति व्यवसाय के लिए सफर करते हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3gIOwMC
0 comments:
Post a Comment