गजेन्द्र सिंह दहिया/जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के अनुसार राजस्थान के राज्यपाल व कुलाधिपति अभी कल्याण सिंह ही हैं। कलराज मिश्र को पद संभाले हुए भले १० महीने हो गए हैं लेकिन संभाग के सबसे बड़े विवि जेएनवीयू ने अभी तक अपनी पूरी वेबसाइट अपडेट नहीं की है। विवि की गवर्निंग बॉडी के कॉलम में सीनेट की सूची खंगालने पर उसमें कुलाधिपति के तौर पर कल्याण सिंह और कुलपति के रूप में पूर्व कुलपति प्रो गुलाब सिंह चौहान का नाम आता है, जबकि नए कुलपति प्रो प्रवीण चंद्र त्रिवेदी को आए हुए करीब ५ महीने हो गए, फिर भी सीनेट सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया है। जबकि प्रदेश में जेएनवीयू वेबसाइट या ऑनलाइन कार्य के लिए सबसे अधिक सालाना ४ करोड़ रुपए खर्च कर रहा है।
ये कुलपति दुनिया में नहीं लेकिन विवि की वेबसाइट पर
जेएनवीयू की सीनेट में विवि के समस्त पूर्व कुलपति भी शामिल होते हैं। विवि ने एेसे कुलपतियों के नाम भी सूची में डाल रखे हैं जो अब इस दुनिया में नहीं है। पूर्व कुलपति प्रो नसीम भाटिया और प्रो लक्ष्मणसिंह राठौड़ का लॉकडाउन के दौरान निधन हो गया था लेकिन ये दोनों अभी भी सीनेट सूची में प्रदर्शित हो रहे हैं।
नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर को बना रखा है रजिस्ट्रार
सीनेट सदस्यों की सूची में रजिस्ट्रार के तौर पर अयूब खान का नाम है जो वर्तमान में जोधपुर नगर निगम के उपायुक्त है। खान का पिछले साल ही विवि में रजिस्ट्रार पद से तबादला हो गया था। वर्तमान में विवि की रजिस्ट्रार चंचल वर्मा है।
शिक्षक रिटायर हो गए, स्वर्गवासी हो गए, फिर भी सीनेट में
विवि में कला संकाय के डीन प्रो कौशलनाथ उपाध्याय और वाणिज्य संकाय के डीन प्रो जसराज बोहरा सेवानिवृत्त हो चुके हैं लेकिन इनका नाम विवि की वेबसाइट पर सीनेट सूची में डीन के रूप में लिखा हुआ है। भू-विज्ञान विभाग के प्रो सुरेश माथुर भी सेवानिवृत्त हो गए लेकिन विवि के अनुसार वे अभी एचओडी हैं। सीनेट सूची में गृह विज्ञान विभाग की एचओडी के तौर पर प्रो उषा कोठारी को बताया गया है जबकि उनका देहांत हो चुका है। इसके अलावा भी कई विभागों के एचओडी बदल गए हैं लेकिन विवि ने वेबसाइट ही अपडेट नहीं की।
‘कुछ गड़बड़ रह गई होगी, वैसे अब हम नई वेबसाइट बना रहे हैं।’
प्रो प्रवीण चंद्र त्रिवेदी, कुलपति, जेएनवीयू जोधपुर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/33dwyis
0 comments:
Post a Comment