जोधपुर.
डांगियावास थानान्तर्गत जालेली चंपावतान गांव स्थित ढाकों की ढाणी में शुक्रवार मध्यरात्रि सौ मीटर दायरे में तीन मकानों में सेंध लगाकर चोर शुक्रवार रात लाखों रुपए के आभूषण चुरा ले गए। वारदात के दौरान तीनों मकानों में घरवाले सो रहे थे। पुलिस ने शनिवार को तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए।
पुलिस के अनुसार ढाकों की ढाणी निवासी सूरजाराम जाट, भंवरलाल सुथार व बालकिशन मेघवाल के मकान सौ मीटर क्षेत्र में स्थित हैं। तीनों मकान के चौक में शुक्रवार रात परिजन सोए थे। बारिश आने पर तड़के घरवाले उठे और अंदर गए तो चोरी का पता लगा। तीनों घरों में सामान बिखरा हुआ था। अलमारियां व लोहे के बक्से खुले पड़े थे।
चोरों ने पशुओं के बाड़े से सूरजाराम के मकान में प्रवेश किया और पीछे वाले कमरे की खिड़की तोड़ अंदर घुसे। कमरे में अलमारी व बक्सों से आठ से दस तोला सोने के आभूषण व कुछ रुपए चुरा लिए। वहीं, भंवरलाल सुथार के घर में भी पीछे वाले कमरे से सेंध लगाई और पांच छह तोला सोने के आभूषण व कुछ रुपए चुरा लिए। बालकिशन मेघवाल के मकान से चोरों ने करीब तीस तोला चांदी के आभूषण व रुपए चुराए। पुलिस ने तीनों की तरफ से चोरी के अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2OYq0eZ
0 comments:
Post a Comment