जोधपुर.
दीवार के आर-पार दिखाई देने वाला जादुई कांच बेचने का झांसा देकर कुछ युवकों ने मुम्बई के एक व्यापारी से तीस लाख रुपए अग्रिम एेंठ लिए। कांच न मिलने पर पीडि़त ने महामंदिर थाने में मामला दर्ज करवाया और पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी सुमेरदान चारण के अनुसार मुम्बई निवासी व्यापारी संजय गुप्ता से गत दिनों एक व्यक्ति ने सम्पर्क किया और दीवार के आर-पार दिखाई देने वाला जादुई कांच बेचने का झांसा दिया था। व्यापारी को विश्वास दिलाने के लिए उसने एक वीडियो भेजा था। जिसमें कांच से दीवार के आर-पार दिखाई दे रहा था। उसने व्यापारी को कांच के प्राचीन होने व इससे विदेश में बेचकर भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया था। बातों में आकर व्यापारी मुम्बई से जोधपुर पहुंचा और महामंदिर क्षेत्र की होटल में ठहरा।
ठग गिरोह ने व्यापारी से बात की और तीस लाख रुपए अग्रिम मांगे। झांसे में आए व्यापारी ने उन्हें तीस लाख रुपए बतौर अग्रिम दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे न तो कांच दिखाया और न ही परीक्षण करवाया। उलटा व्यापारी से और रुपए की मांग करने लगे। ठगी का संदेह होने पर व्यापारी थाने पहुंचा और शिकायत दी। परिवाद की जांच कर पुलिस ने तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया। धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर एफआइआर दर्ज की गई। साथ ही जैसलमेर जिले में लाठी थानान्तर्गत महेचों की ढाणी निवासी महेन्द्रसिंह उर्फ नाथूसिंह पुत्र केसरसिंह, सांकड़ा थानान्तर्गत नया सनावड़ा निवासी स्वरूपसिंह पुत्र गंभीरसिंह और करवड़ थानान्तर्गत उजलिया गांव निवासी जगदीश पुत्र गोकलराम भील को गिरफ्तार कर लिया। इनमें शामिल नाथूसिंह वर्ष २०१२ में डांगियावास थाने में दर्ज जादुई कांच से करोड़ों की ठगी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
आरोपियों के पकड़ में आने पर दर्ज की एफआइआर
ठग गिरोह ने कांच के एंटीक व जादुई होने का झांसा देकर विदेश में डिमाण्ड होने और करोड़ों रुपए मुनाफा मिलने का झांसा दिया था। इसके लिए उन्होंने कांच के रजिस्ट्रेशन व रॉयल्टी भुगतान के फर्जी दस्तावेज दिखाए थे। तब पीडि़त ने तीस लाख रुपए अग्रिम दिए थे। इसके बाद और रुपए मांगने लगे थे, लेकिन व्यापारी ने पुलिस को सूचना दे दी थी। तीनों आरोपियों के पकड़ में आने के बाद शनिवार को ही एफआइआर दर्ज की गई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ZFphFF
0 comments:
Post a Comment