गजेन्द्र सिंह दहिया/जोधपुर. वर्ष 1965 और 1971 की जंग में जिस तरह से पाकिस्तानी सेना का जोधपुर पसंदीदा टारगेट रहा था, वैसे ही वहां से आ रही टिड्डी का भी पसंदीदा निशाना जोधपुर ही है। पिछले दो महीने में देश के 105 जिलों तक टिड्डी पहुंची। सर्वाधिक टिड्डी जोधपुर में रिपोर्ट की गई। यहां 383 स्थानों से टिड्डी को खदेड़ा गया। दूसरे स्थान पर बाड़मेर रहा, जहां से 378 स्थान पर ऑपरेशन किया गया। इसके बाद बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर व नागौर का नम्बर आता है। टिड्डी राजस्थान के ३० जिलों तक पहुंच चुकी है। केवल बांसवाड़ा, धौलपुर और भरतपुर ही टिड्डी की पहुंच से दूर रहे हैं। अब तक टिड्डी के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकारों ने जो भी ऑपरेशन किया है, 90 प्रतिशत राजस्थान में हुआ है। टिड्डी पर 87 प्रतिशत पेस्टीसाइड भी प्रदेश में ही छिडक़ा गया।
बीकानेर में दिए सर्वाधिक अण्डे
टिड्डी ने जून के अंतिम सप्ताह में प्रदेश के पांच जिलों जैसलमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जोधपुर और बाड़मेर में अण्डे दे दिए। सर्वाधिक अण्डे बीकानेर में मिले। वहां सर्वाधिक क्षेत्रफल पर हॉपर मारे गए। इसके बाद श्रीगंगानगर में अधिक हॉपर मिले।
चंडीगढ़ में भी टिड्डी, दिल्ली मेंकेवल ऊपर से गुजरी
टिड्डी अब तक देश के 10 राज्यों तक पहुंची है। यह राजस्थान के 30 जिले, मध्यप्रदेश के 40 जिले, उत्तरप्रदेश के 16 जिले, गुजरात के 12 जिले, पंजाब के केवल फाजिल्का, हरियाणा के 2 जिलों, बिहार के 6 जिलों, छतीसगढ़ के एक जिले, महाराष्ट्र के 4 जिलों और चंडीगढ़ तक पहुंच गई। चंडीगढ़ में कबीरधाम में 4 स्थानों पर टिड्डी मारी गई। टिड्डी दिल्ली भी पहुंची लेकिन वह दिल्ली में उतरी नहीं और उत्तरप्रदेश में घुस गई।
कहां-कितना ऑपरेशन
राज्य -----स्थान पर ऑपरेशन--टिड्डी सर्वे ----नियंत्रित क्षेत्र-----उपयोग में लिया गया पेस्टीसाइड
राजस्थान- २३०७ ----७८५४९९------२१९७७८ ------१६०२०२
मध्यप्रदेश- २२६ -----३०४५० ------१५५७३ ------१७७८८
उत्तरप्रदेश- ३७ ------५६८८ ------२६०० ------२६३५
गुजरात - ६८ ------१०८३७ ------२५०७ ------१५९९
महाराष्ट्र - २१ ------३००० ------१४३५ ------१४१३
पंजाब- २० ------२००० ------६४० ------३९५
हरियाणा- ५ ------५०० ------२२५ ------२२५
बिहार - ११------१००५ ------२३४------४००
चंडीगढ़ - ४ ------७२० ------८२------२०५
(सभी क्षेत्रफल हेक्टेयर में है)
टिड्डी पर अब तक की नजर
- २४३०७४ हेक्टेयर में अब तक टिड्डी नियंत्रण
- १८४८६७ लीटर पेस्टीसाइड का उपयोग
- २६९९ स्थानों पर मारी गई टिड्डी
- १०५ जिलों तक पहुंची टिड्डी
- ९० प्रतिशत नियंत्रण राजस्थान में
- ८७ प्रतिशत पेस्टीसाइड का उपयोग राजस्थान में
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2CYTBCk
0 comments:
Post a Comment