वीडियो : मनोज सैन/जोधपुर. मसूरिया में सुभाष मार्ग व बाबू राजेन्द्र मार्ग के बीच स्थित नाले पर खुली शराब दुकान को लेकर गंगेश्वर महादेव विकास समिति के बैनर तले मोहल्लेवासी बुधवार को विरोध में उतर आए। विरोध करने वालों से पहले मौके पर पहुंची पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग की पालना न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे डाली।
मोहल्ले की महिलाओं व पुरुषों ने बताया कि दुकान के सामने कोचिंग संस्थान और महादेव मंदिर है। आस-पास रहवासी क्षेत्र है। मोहल्लेवासियों का नाले के ऊपर ही पैदल आना-जाना होता है। वहीं पर अब देसी शराब की दुकान खोल दी गई, जहां हर समय शराब खरीदने के लिए लोगों का जमावड़ा रहता है। इनकी वजह से महिलाओं, युवतियों व बच्चों का बाहर निकलना दूभर हो गया है। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि नियम कायदे के तहत दुकान की अनुमति दी गई है। जिला कलक्टर को भेजी शिकायत की जांच रिपोर्ट भिजवा दी गई है।
मोहल्लेवासियों से पहले पुलिस मौके पर पहुंची
देसी शराब दुकान के विरोध में मोहल्लवासियों ने कुछ दिन पहले जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया था। कार्रवाई न होने पर उन्होंने सुबह विरोध का निर्णय किया। मोहल्लेवासी सुबह साढ़े नौ बजे दुकान के बाहर पहुंचे तो देवनगर थाने से पुलिस वहां पहले से खड़ी नजर आई। दुकान भी निर्धारित समय से आधा घंटा पहले खुल चुकी थी। पुलिस विरोध करने वालों को सोशल डिस्टेंसिंग की पालना न करने व निषेधाज्ञा की धारा 144 का उल्लंघन पर कार्रवाई करने की चेतावनी देने लगी। सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) नीरज शर्मा मौके पर पहुंची और समझाइश की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2MJ0SrJ
0 comments:
Post a Comment