ओम टेलर/जोधपुर. शहर के सांगरिया फांटा क्षेत्र में व्यापारियों ने खुद की सुविधा के लिए लाखों रुपए खर्च कर करीब पांच वर्ष पूर्व सुलभ शौचालय का निर्माण करवाया। स्थानीय जन प्रतिनिधियों के जरिए लोकार्पण भी करवाया लेकिन वर्तमान में सुलभ शौचालय गंदगी से अटा पड़ा है। ऐसे में क्षेत्र के व्यापारी व बस स्टैंड पर आने वाले महिला-पुरुष यात्री चाह कर भी इसका उपयोग नहीं कर पा रहे है। क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि समस्या को लेकर निगम व पंचायत को कई बार अवगत करवाया लेकिन समाधान अभी तक नहीं हुआ।
वर्ष 2014 में करवाया था निर्माण
13 अक्टूबर 2014 सुलभ शौचालय का लोकार्पण निवर्तमान सरंपच लक्ष्मण चौधरी व संस्थान के अध्यक्ष संतोष सारण ने किया था। सफाई को लेकर कोई व्यवस्था नहीं होने से वर्तमान में सुलभ शौचालय गंदगी से अटा है। जिससे क्षेत्र में 650 व्यापारियों व निकट ही बस स्टैंड पर आने वाले महिला-पुरुष यात्रियों को सुलभ सुविधा को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- संजय शर्मा, पूर्व अध्यक्ष, सांगरिया फांटा व्यापारी विकास संस्थान
कैसे करें उपयोग
महिला-पुरुषों की सुविधा के लिए बनाया गया सुलभ शौचायल गंदगी से अटा पड़ा है। ऐसे में इसका उपयोग नहीं कर सकते। लाखों रुपए किए गए है लेकिन सुविधा नहीं मिल रही।
- राजकंवर, सुंदर विहार कॉलोनी
पहले मिल कर करवाते थे सफाई
जिम्मेदारों ने हमारी समस्या का समाधान नहीं किया तो क्षेत्र के व्यापारियों ने खुद के स्तर पर सफाईकर्मी लगाया। लेकिन बाद में कई व्यापारियों ने रुपए देना बंद कर दिया। निगम व पंचायत भी इसकी सफाई को लेकर ध्यान नहीं दे रहे है।
- तेजाराम घांची, उपाध्यक्ष
हमारी नहीं सुन रहे जिम्मेदार
सफाई नहीं होने से लाखों रुपए खर्च कर बनाया गया सुलभ शौचालय काम नहीं आ रहा। सुलभ सुविधा के लिए हमें परेशान होना पड़ रहा है। जल्द ही निगम या पंचायत द्वारा इसकी साफ-सफाई व्यवस्था नहीं करवाई गई तो जिला कलक्टर से मिलेंगे।
- संतोष सारण, अध्यक्ष, सांगरिया फांटा व्यापारी विकास संस्थान
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/37mfIOj
0 comments:
Post a Comment