सेतरावा (जोधपुर) क्षेत्र की ग्राम पंचायत कनोडिया महासिंह के नवीन ग्राम पंचायत भवन को किराए पर देने का विरोध जारी हैं। ग्राम पंचायत की उदासीनता देखते हुए ग्रामीण तीसरे दिन भी अपनी बात पर अड़े रहे। वहीं ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए पंचायत राज विभाग के अधिकारियों व प्रशासन को निर्देश जारी किए थे। सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी को उचित निर्णय लेने के लिए पाबंद किया है।
शनिवार शाम से शुरू हुआ विरोध सोमवार को जारी था। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत भवन के गेट के आगे बैठते हुए निर्णय का विरोध जारी रखा। वहीं ग्रामीणों के ज्ञापन को लेकर देचू विकास अधिकारी ने सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी को पत्र जारी किया है।
पत्र में बताया कि ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए भीड़ एकत्रित होने पर लॉ एंड आर्डर भंग होने की संभावना हैं। अत: ग्राम पंचायत क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए भवन किराए पर देने की प्रकिया की जा रही हैं तो आगामी आदेशों तक स्थगित कर दें। पूर्व में भी ग्रामीणों द्वारा विरोध दर्ज कराने पर इस संबंध में पाबंद किया जा चुका हैं।
वर्तमान में भवन किराए पर देने की प्रकिया को यथास्थिति स्थगित कर समझाइश उपरान्त विवाद समाप्त होने तक तथा उच्चाधिकारियों को सूचित कर अनुमति प्राप्त किए बिना कोई निर्णय नहीं लिया जाएं तथा भवन का कब्जा सुपुर्द नहीं किया जाएं। अन्यथा आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सरपंच दे आश्वासन तभी बने बात
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत का अपना स्थायी आशियाना अभी ही मिला था। इसमें बने विभिन्न कक्ष अन्य विभागों के सरकारी कार्यालय भी संचालित होने थे। लेकिन सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी ने बिना किसी को विश्वास में लिए कागजी खानापूर्ति करवा मनमर्जी से किराए पर दे दिया। रजिस्टे्रशन निरस्त करवाने को लेकर पंचायत का रूख साफ नहीं हैं। प्रकिया को स्थगित करने के संबंध में सरपंच उपस्थित होकर लिखित में ग्रामीणों को आश्वासन देंगे तभी ग्रामीण मानेंगे, अन्यथा विरोध जारी रहेगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3i2ASGe
0 comments:
Post a Comment