जोधपुर. पश्चिमी दिशा से आ रही गर्म हवाओं के कारण बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी रही। बाड़मेर में पारा 44.8, जैसलमेर में 44 और फलोदी में 4३.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। शुष्क और गर्म हवा के कारण ऐसा लग रहा था मानो आसमान से अंगारे बरस रहे हैं। दिनभर गर्म हवा शरीर को छलनी करती रही। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 3 दिन तक लू चलने की आशंका है।
सूर्यनगरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम था। सूर्योदय के बाद ही तपिश शुरू हो गई। सुबह 8 बजे से ही तेज गर्मी का एहसास होने लगा। दोपहर 12 बजे सीधे धूप में निकलना मुश्किल हो रहा था। शहर भट्टी की तरह तपने लगा। दोपहर में पारा 42.6 डिग्री तक पहुंचा। दिनभर गर्म और शुष्क हवा बदन को छलनी कर रही थी। शाम ढलने के बाद भी मौसम में गर्मी बरकरार रही। गांव में गर्म हवा के झोंकों से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। फलोदी में न्यूनतम तापमान 28.4 और अधिकतम 43.6 डिग्री रहा।
बाड़मेर में रात का तापमान 28.4 व दिन का 44.8 और जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 26.4 व अधिकतम 44 डिग्री मापा गया। चूरू में पारा 41.9, बीकानेर में 42.4, श्रीगंगानगर में 40.6, कोटा में 42.6, जयपुर में 40 और अजमेर में 40.5 डिग्री पारा रहा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3cJFNbX
0 comments:
Post a Comment