जोधपुर. कोरोना वायरस संक्रमण के नजरिए से संवेदनशील क्षेत्र बन रहे शहर के परकोटे में कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्रों में गुरुवार को दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस स्टेशन नागौरी गेट, सदर बाजार, सदर कोतवाली के सम्पूर्ण क्षेत्र के अलावा उदयमंदिर के कुछ क्षेत्रों में पुलिस की सख्ती के चलते चिकित्साकर्मियों के अलावा अन्य किसी को प्रवेश तक नहीं करने दिया गया। वहीं, दैनिक जरूरत की सामग्री लेने के लिए आमजन को घरों से बाहर नहीं निकलने देने से सड़क सुनसान नजर आईं।
दरअसल, पुलिस स्टेशन खांडा फलसा को छोड़ शहर के भीतरी भाग यानि परकोटे के अधिकांश हिस्सों में कफ्र्यू लगा हुआ है। कोरोना संक्रमण के आमजन में फैलना शुरू हो जाने से सतर्क पुलिस ने परकोटे को आमजन की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया। यानि सिर्फ चिकित्सा सेवाओं व पुलिस को छोड़ कोई भी बाहरी व्यक्ति परकोटे में नहीं आ जा सकता है। परकोटे में प्रवेश वाले मार्ग दिनभर कड़ी निगरानी में रहे।
कबूतरों का चौक, इस्हाकिया स्कूल, मोती चौक, सोजती गेट, बाटा तिराहा, नई सड़क, घंटाघर, कटला चौक, सिटी पुलिस तिराहा, राखी हाउस, सर्राफा बाजार, उम्मेद चौक, बड़लों का चौक, अजय चौक, विजय चौक, नागौरी गेट, फतेह सागर, हाथीराम का ओडा आदि क्षेत्र की सड़कें सुबह से शाम तक सूनीं ही रहीं।
कॉलोनी-मोहल्ला व गलियां तक सील
कफ्र्यू को सफल बनाने और आमजन को घरों से बाहर न निकलने देने के लिए पुलिस ने नगर निगम की मदद से प्रत्येक कॉलोनी-मोहल्ला ही नहीं गलियां तक सील कराईं हैं। जगह-जगह पुलिस के फिक्स पिकैट्स व नाके पर पुलिस निगरानी रखे हुए है।
जरूरत की सामग्री के लिए तरसे क्षेत्रवासी
परकोटे में पुलिस ने चिकित्साकर्मियों को छोड़ अन्य सभी की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है। सरकारी कर्मचारी तक को बाहर जाने नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार से आने वाली खाद्य सामग्री की चिह्नित गाडिय़ों को भी नाकों पर पुलिस ने रोक दिया। परकोटे के अंदर तक कई क्षेत्रों में दो-तीन दिन से सब्जी, किराणा और दूध तक नहीं पहुंच सका है। क्षेत्रवासियों ने सहकारी भंडार में फोन कर खाद्य सामग्री के वाहन मंगवाए तो सोजती गेट चौकी पर पुलिस ने रोक लिए और उन्हें उलट पांव लौटा दिए। शाम को कुछ क्षेत्रों में किराणा व अन्य सामग्री पहुंच पाई।
दूध का चौहटा बंद, आमजन की मुसीबतें बढ़ी
जोधपुर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए प्रशासन ने परकोटा शहर को पूर्णतया सील कर दिया हैं । सख्ती के बीच गुरुवार को दूध और सब्जी की आपूर्ति बंद करने से आमजन की मुसीबतों में बढ़ोतरी हो गई है। खाण्डा फलसा दुग्ध उत्पादक विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष किशनलाल बोराणा ने प्रशासन से अनुरोध किया कि सब्जी और दूध रोजमर्रा की जरूरत है। समिति के सचिव कैलाश पंवार ने जिला प्रशासन से सब्जी और दूध के व्यवस्थित वितरण की व्यवस्था करने की मांग की है।
भामाशाहों की मदद से सैनेटाइज उपकरण लगाया
घंटाघर पुलिस चौकी के पास भामाशाह व मेड़ता रोड सरपंच धर्मेन्द्र लटियाल और राजेश जाजड़ा की ओर से गुरुवार को सेनेटाइज करने वाला उपकरण लगाया गया। सदर कोतवाली थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि बीस हजार रुपए की मशीन में 30 हजार लीटर पानी में एक लीटर हाईपोक्लाराइड और सौ लीटर पानी में एक लीटर सेनेटाइजर मिश्रित कर सेनेटाइजर तैयार किया जाता है। मशीन में से निकलने वाला व्यक्ति एक बार में ही पूरा सेनेटाइज हो जाता है। इससे ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारी व जवान सेनेटाइज हो सकेंगे।
कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में घूमते छह और गिरफ्तार
कफ्र्यूग्रस्त परकोटे क्षेत्र की सड़कों पर निकलने वाले छह युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सदर कोतवाली में दो और सदर बाजार थाने में एक मामले दर्ज किए गए। सदर कोतवाली थानाधिकारी सुरेश चौधरी के अनुसार कोरोना वायरस को लेकर लॉक डाउन व कफ्र्यू लगने के बावजूद सड़कों पर निकलने पर लखारा बाजार निवासी अशफाक अहमद पुत्र शफी मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया। वहीं, एक अन्य मामला दर्ज कर कलाल कॉलोनी गली-3 निवासी भगवानदास पुत्र गुलाब कलाल, जीतू पुत्र मूलचंद कलाल व गली-9 निवासी मोनू उर्फ रवि पुत्र आनंद कलाल को गिरफ्तार किया गया। सदर कोतवाली थानाधिकारी लेखराज सियाग ने लायकान मोहल्ला निवासी सहूर मोहम्मद पुत्र जहरू मोहम्मद, पप्पू पुत्र नूर मोहम्मद और महावतों की मस्जिद निवासी शोएब मोहम्मद पुत्र हसन मोहम्मद को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। सभी छह जनों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
खाद्य सामग्री वितरण में सोशल डिस्टेंसिंग की पालना हो, सामग्री बांटते समय न खींचें फोटो - कलक्टर
जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने लॉकडाउन के तहत खाद्य सामग्री वितरण के समय सोशल डिस्टेंसिंग की पूर्ण पालना करवाने के निर्देश दिए है। 14 अप्रेल तक किए गए लॉकडाउन के दौरान सूखी सामग्री व फूड पैकेट के वितरण के समय सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखे। उन्होंने कहा कि इस बारे में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए। जिला कलक्टर ने कहा कि एनजीओ, भामाशाह, दानदाताओं के माध्यम से खाद्य सामग्री के वितरण के समय सेल्फी, फोटोग्राफी पर पूर्ण पाबंदी लगाई जावे। उन्हें पाबंद किया जावे कि सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की पालना नहीं होने पर उनके विरूद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
लॉकडाउन, हाइरिस्क व कफ्र्यू क्षेत्रों में जीवन रक्षक दवाइयां पहुंचाने की व्यवस्था
जोधपुर शहर में लॉकडाउन, हाइरिस्क व कफ्र्यू क्षेत्रों में जीवन रक्षक दवाइयों की मांग पर संबंधित क्षेत्र में उन्हें पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। सहायक औषधि नियंत्रक राकेश वर्मा ने बताया कि इसके लिए औषधि नियंत्रक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि औषधि नियंत्रण अधिकारी आशीष दत्त मो. 9783457349, पंकज गहलोत मो. 8559849544, अनिरूद्ध खत्री मो. 9468692063, किशोर पंवार मो. 8387835121 व श्रीमती हेमा सोलंकी मो. 9783517437 यह व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की समस्या आने पर उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा मो. 9314739574 से सम्पर्क कर नागरिक सुरक्षा की टीम के माध्यम से दवाई भिजवाई जाएगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2JTB2jp
0 comments:
Post a Comment