जोधपुर. जैसलमेर में ईरान से एअरलिफ्ट करके लाए गए 484 भारतीयों में से 180 को मंगलवार शाम 5 बजे भारतीय वायु सेना के सी-130 हक्र्यूलिस विमान से श्रीनगर के लिए रवाना किया गया। करीब 35 दिन जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में रहने और सभी की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद सेना ने उन्हें उनके घर भेजा है। दो-तीन दिन में एक और विमान के जरिए कुछ और लोगों को उनके घर रवाना किया जाएगा।
मार्च की शुरुआत में ईरान में कोरोना संक्रमण फैलने से उसने अपनी हवाई सेवाएं बंद कर दी थी, जिसके कारण ईरान के पवित्र शहर क्योम गए भारतीय तीर्थयात्री और राजधानी तेहरान में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे सैकड़ों छात्र-छात्राएं फंस गए। विदेश मंत्रालय के सहयोग से 484 भारतीयों को एयरलिफ्ट करके 15, 16 व 18 मार्च को जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर लाया गया। 29 मार्च से यहां आए कुछ भारतीयों में कोरोना लक्षण नजर आने पर उनकी जांच की गई तो वे कोरोना पॉजिटिव मिले।
इसके बाद उन्हें जोधपुर एम्स में लाकर भर्ती किया गया। अब तक 32 रोगी सामने आए हैं, लेकिन अधिकांश स्वस्थ होने के कारण 484 में से 180 को उनके घर भेज दिया गया। जैसलमेर के अलावा जोधपुर मिलिट्री स्टेशन स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में 552 भारतीयों को एयरलिफ्ट करके 25 व 29 मार्च को लाया गया था। दोनों ही स्थानों से अब तक 1036 भारतीयों में से 61 में कोरोना मिला है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2VSgMUC
0 comments:
Post a Comment