जोधपुर.
आबकारी विभाग ने नागौर रोड पर देसूरिया गांव में दुकान की आड़ में अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री पकडक़र एक युवक को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी सहित तीन जने भाग निकले। मौके से भारी मात्रा में शराब से भरे पव्वे, खाली पव्वे और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
आबकारी निरीक्षक पूजा मरोठी ने बताया कि देसूरिया गांव में रेस्टोरेंट व पास ही अनेक दुकानें हैं। दो दुकान में शराब की अवैध फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बजरंगसिंह, सहायक आबकारी अधिकारी दिनेश गहलोत व प्रहराधिकारी (आबकारी निरोधक दल) देवाराम चौधरी के साथ वहां दबिश दी गई। देसी शराब के ९५ कार्टन में ४५०० पव्वे, नौ हजार खाली पव्वे, अनेक फ्लैवर की बोतलें, पव्वों के १६ हजार ढक्कन, पानी की टंकी, पानी का कैंपर, ढक्कन पैकिंग मशीन, ४५० खाली कार्टन जब्त किए गए। वहीं, दुकान के बाहर खड़ी कार से छह कार्टन में भरे शराब के २८८ पव्वे भी जब्त किए गए। मौके से चिमाणा निवासी हरूसिंह को गिरफ्तार किया गया। जबकि दुकान किराए पर लेने वाला जितेन्द्रसिंह, पूनमसिंह व भैरूसिंह मौके से फरार हो गए।
दुकान के पीछे नहाते को पकड़ा
आबकारी विभाग का कहना है कि दोनों दुकानें जितेन्द्रसिंह ने किराए पर ले रखी हैं। पूनमसिंह व भैरूसिंह शराब बनाते हैं। पूनमसिंह व अन्य सुबह किसी काम से निकले थे। पूनमसिंह ने परिचित हरूसिंह को वहां रखा था। आबकारी की दबिश के दौरान वह दुकान के पीछे नहा रहा था।
शराब की ब्रांच से बीयर व अंग्रेजी शराब जब्त
आबकारी विभाग ने दस-बारह दुकान छोडक़र एक अन्य दुकान में भी दबिश दी, जहां शराब की अवैध ब्रांच संचालित हो रही थी। विभाग ने दुकान से तीन कार्टन बीयर व अंग्रेजी शराब के ५२ पव्वे जब्त किए। मौके से हुकमसिंह को गिरफ्तार किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/39mSxn7
0 comments:
Post a Comment