जोधपुर.
मंडोर थानान्तर्गत आंगणवा में हुडक़ो क्वार्टर के पास कार में सवार चार युवकों ने दिवंगत मंत्री के पुत्र व एक अन्य को पिस्तौल दिखाकर एसयूवी कार लूट ली। कार के आधार पर पुलिस ने तलाश कर चंद घंटों में मंगलवार दोपहर चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। हथियार बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव के अनुसार रामबाग स्कीम निवासी दिवंगत मंत्री नरपतराम बरवड़ के पुत्र किशोर व संतोष सोमवार देर शाम गेट-वे (एसयूवी) में आंगणवा के हुडक़ो क्वार्टर पहुंचे, जहां एक कार में चार युवक आए और एसयूवी कार रोक ली। फिर चारों नीचे उतरे और दोनों युवकों को डराने-धमकाने लगे। एक युवक ने पिस्तौल निकाली और किशोर बरवड़ को धमकी दी। दोनों को एसयूवी से नीचे उतार दिया। फिर चारों में से एक युवक गेट-वे में चालक सीट पर बैठा और एसयूवी लेकर चंपत हो गया। किशोर व साथी संतोष ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें पिस्तौल से डरा-धमकाकर चुप कर दिया गया। बाद में तीनों युवक भी कार में बैठकर चंपत हो गए। रात को पीडि़त ने पुलिस में सूचना दी। मंडोर थाने से पुलिस वारदात स्थल पहुंची और लुटेरों की तलाश में नाकाबंदी कराई।
रामसागर चौराहे पर लुटेरों की कार होने की सूचना मिली। पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी कार को भगाने लगा। थानाधिकारी सीताराम खोजा के नेतृत्व में पुलिस ने पीछा कर बनाड़ रोड पर रमजान का हत्था के पास कार पकड़ ली। बतौर चालक हिस्ट्रीशीर राहुल कच्छवाह को हिरासत में लिया। पूछताछ में लूट में शामिल तीन अन्य युवकों के नाम भी सामने आ गए। रातभर व मंगलवार सुबह जगह-जगह दबिश के बाद तीनों को भी पकड़ लिया गया।
पूछताछ के बाद मगरा पूंजला में सांखलों का बास निवासी राहुल (२४) पुत्र बाबूलाल कच्छवाहा, गहलोतों का बास निवासी भरत सोलंकी (२८) पुत्र नंदकिशोर, नया बास निवासी लोकेश (२२) पुत्र कमलकिशोर और चैनपुरा बावड़ी निवासी सुरेश (२४) पुत्र रूपाराम प्रजापत को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से लूट की एसयूवी व वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।
पुलिस से बचने के लिए तोड़ी नाकाबंदी
थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि आरोपी राहुल कच्छवाह मंडोर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने उसे रामसागर चौराहे के पास पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन वह कार से भाग निकला। वह भदवासिया, महामंदिर तीसरी पोल, परिवहन विभाग कार्यालय, रेलवे फाटक होकर बनाड़ की तरफ भागने लगा। बनाड़ रोड के पास उसने नाकाबंदी भी तोड़ी, लेकिन फिर भी वह पकड़ में आ गया। उसी ने पिस्तौल निकालकर किशोर को डराया-धमकाया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/38kVoeQ
0 comments:
Post a Comment