जोधपुर. जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती इटली के कोरोना वायरस संक्रमित दंपती जोधपुर की जिस होटल में रुके थे, उसके कमरे और एक पूरी मंजिल को अगले आदेश तक जिला प्रशासन के निर्देश पर सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बुधवार को इन पर्यटकों के सम्पर्क में आए लोगों की स्वास्थ्य जांच की। इन लोगों को 14 दिनों तक आइसोलेशन में रहने को कहा गया है। इस बीच, दम्पती के ज्यादा करीब से संपर्क में आए होटल कर्मी की कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग व होटल प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।
इटली के 23 पर्यटकों का दल 25 फरवरी को जोधपुर आया था। यहां संक्रमित दम्पती और अन्य लोग शाी सर्किल स्थित होटल जॉन बाय पार्क में रुके थे। पर्यटक दल अपने साथ आई बस में ही मेहरानगढ़ और जसवंत थड़ा आदि पर्यटक स्थलों की सैर पर गया था। इस दौरान इस दल ने सर्किट हाउस के पास स्थित एक होटल में खाना खाया था। होटल के रेस्त्रा में सेल्फ सर्विस व्यवस्था के कारण कोई व्यक्ति इनके सीधे संपर्क में नहीं आया, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां के स्टाफ के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ हाइपोक्लोराइड सॉल्यूशन का स्प्रे कर पूरे होटल को संक्रमण मुक्त (डीइन्फेक्ट) करने की प्रक्रिया पूरी की।
इस बीच, होटल जॉन बाय पार्क प्रबंधन ने संक्रमण मुक्ति के लिए सरकार की ओर से जारी प्रोटोकॉल का पालन करने का दावा करते हुए कहा कि होटल के सभी कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया गया है। जिस कर्मचारी का सैंपल लिया गया था, उसे आइसोलेशन में रहने को कहा गया है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
जिला प्रशासन बुधवार को पूरे दिन अलर्ट मोड पर रहा। जिला कलक्टर ने सभी होटलों को विदेशी यात्रियों खासकर चीन, होंगकोंग, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, जापान, इटली व नेपाल आदि देशों से आए लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री चैक करने और इनके बारे में ब्यौरा सीएमएचओ को तुरंत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विदेश यात्रियों का शहर में आवागमन यथासंभव सीमित रखने तथा होटलों के सभी हिस्सों को 1 प्रतिशत हाइपोक्लोराइड से नियमित रूप से कीटाणुरहति करने को कहा गया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2IfVwlw
0 comments:
Post a Comment