जोधपुर.
नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो की जोधपुर टीम ने अजमेर जिले में एनएच-48 पर किशनगढ़ टोल प्लाजा के पास ट्रक से अफीम का 17.07 किलो दूध व 2720 रुपए जब्त कर दो जनों को गिरफ्तार किया। आरोपी झारखण्ड से जोधपुर के लिए मादक पदार्थ की खेप लेकर आ रहे थे।
एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक विजेन्द्रसिंह के अनुसार जोधपुर नम्बर के एक ट्रक में मादक पदार्थ की खेप जोधपुर आने की सूचना मिली। ब्यूरो ने एनएच-४८ पर नाकाबंदी की। इस दौरान वहां आए जोधपुर नम्बर के एक ट्रक की गतिविधि संदिग्ध नजर आई। ब्यूरो ने टोल प्लाजा पर उसे घेर लिया। चालक व खलासी घबरा गए। ब्यूरो को संदेह होने पर ट्रक की तलाशी ली गई, लेकिन बॉडी में कुछ नहीं मिला। ब्यूरो ने ट्रक के केबिन की तलाशी ली तो गुप्त रूप से बनाई गई केविटी में छुपाकर रखा अफीम का १७.०७ किलो दूध बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चालक व खलासी को गिरफ्तार कर लिया। इनसे २७२० रुपए भी जब्त किए गए हैं।
आरोपियों के नाम पाल रोड के पास शोभावतों की ढाणी निवासी ओमप्रकाश पुत्र भीखाराम बिश्नोई व बाड़मेर के कल्याणपुर थानान्तर्गत डोली गांव निवासी हीराराम पुत्र गोरधनराम बिश्नोई बताए जाते हैं।
झारखण्ड से जोधपुर में आपूर्ति
आरोपी लम्बे समय से तस्करी में लिप्त थे। प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने झारखण्ड से मादक पदार्थ की आपूर्ति ली थी और जोधपुर में किसी व्यक्ति को सप्लाई करने वाले थे। आपूर्ति लेने वाले के संबंध में जांच की जा रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2vLgbeo
0 comments:
Post a Comment