जोधपुर नगर निगम चुनाव : मतदाता सूची में नाम जुड़वाना है तो फॉर्म की फोटोकॉपी करवाकर लाओ

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

ओम बडग़ूजर/जोधपुर. राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने जोधपुर नगर निगम (उत्तर-दक्षिण) में चुनाव करवाने की कवायद शुरू कर दी है। रविवार से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने व संशोधन के लिए शहर में 626 मतदान केन्द्रों पर शिविर आयोजित किए गए। लेकिन हकीकत यह थी कि प्रचार-प्रचार के अभाव व लोगों में जागरूकता की कमी के चलते पहले अधिकतर मतदान केन्द्र सूने रहे। कहीं बीएलओ स्कूल परिसर में क्रिकेट खेलते मिले तो कोई कुर्सी टेबल पर सुस्ताते मिले। कुछ केंद्रों पर तो बीएलओ नदारद मिले। उससे भी बड़ी बात यह थी कि जिला प्रशासन भी इस कार्यक्रम को लेकर गंभीर नजर नहीं आया।

अधिकतर बीएलओ के पास मतदाता सूची में आवेदन के लिए महज पांच-पांच फार्म मिले। किसी केन्द्र पर चार से अधिक लोग नाम जुड़वाने पहुंच जाए तो फॉर्म की फोटोकॉपी करवा लाने की जिम्मेदारी आवेदक के कंधों पर थी। एक तरफ सरकार ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची में जोडऩा चाहती है और दूसरी तरफ बीएलओ के पास महज पांच-पांच फॉर्म मिले। इधर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भी मतदान केंद्रों को निरीक्षण किया।

चार से अधिक आए आवेदक तो करानी पड़ेगी फोटोकॉपी
दोपहर करीब दो बजे ‘पत्रिका टीम’ राजकीय माध्यमिक विद्यालय बालसमंद मंडोर पहुंची। जहां बीएलओ मोहनसिंह व प्रमिला मीणा मिले। उन्होंने बताया कि अभी तक महज एक व्यक्ति नाम जुड़वाने के लिए आया है। पूछने पर बताया कि उन्हें महज पांच-पांच आवेदन दिए गए हैं। कम पडऩे की स्थिति में आवेदन के लिए पहुंचने वाले से फॉर्म की फोटोकॉपी कर मंगवानी पड़ती है। इधर फोटोकॉपी की दुकान स्कूल से एक किलोमीटर की दूरी पर थी।

केन्द्र पर मिला ताला
राजकीय माध्यमिक विद्यालय मंडोर नम्बर एक में दोपहर ढाई बजे केंद्र पर ताला लटका मिला। यहां से कुछ आगे मंडोर पब्लिक स्कूल पहुंचे। वहां बीएलओ प्रमोद पारिख मिले। उन्होंने बताया कि अभी तक एक भी आवेदक नहीं पहुंचा।

इक्का-दुक्का पहुंचे आवेदक
लाला का बेरा मंडोर सामुदायिक भवन स्थित केन्द्र पर बीएलओ चंद्रशेखर मिले। उन्होंने बताया कि अभी तक एक भी आवेदक नहीं आए हैं। कुछ ऐसी ही स्थिति कृषि अनुसंधान केन्द्र मंडोर में स्थित केन्द्र पर मिली। बीएलओ कुसुम ने बताया कि महज दो जने नाम जुड़वाने पहुंचे हैं। पूंजला स्कूल स्थित केन्द्र पर बीएलओ पृथ्वीबाला सांखला ने बताया कि अभी तक एक भी आवेदक नहीं पहुंचा। राजकीय बालिका सीनियर स्कूल पूंजला स्कूल में तैनात बीएलओ घनश्याम प्रसाद सुस्ताते हुए मिले। पत्रिका टीम को देख बैठ गए। उन्होंने बताया कि एक भी आवेदक नहीं आया।

बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए बीएलओ
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भदवासिया में दोपहर तीन बज कर चालीस मिनट पर बीएलओ महावीर दाधिच व श्रवण गिरी स्कूल परिसर में बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए। पत्रिका टीम को देख वे तुरंत अपने कक्ष में आए। उन्होंने बताया कि अभी तक पांच जने नाम जुड़वाने के लिए पहुंचे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण किया
राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी व निर्वाचन आयोग सचिव श्याम सिंह राजपुरोहित ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने व्यवस्थाएं देखने के बाद अनुपस्थित पाए जाने वाले बीएलओ के खिलाफ कार्यवाही और अगामी 23 फरवरी को होने वाले शिविर के लिए प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के लिए 22 अधिकारियों की टीम
केंद्रों के निरीक्षण के लिए 22 अधिकारियों की टीम को लगाया गया। प्रत्येक केंद्र पर बीएलओ को 20-20 आवेदन फॉर्म दिए गए थे। अनुपस्थित मिलने वाले बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- एमएल नेहरा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी

जगह नहीं मिली तो बदलना पड़ा केन्द्र
मंडोर शुगर मिल में बूथ के लिए जगह नहीं मिली। ऐसे में एनवक्त पर बूथ बदलकर लाला का बेरा मंडोर सामुदायिक भवन में लगाया गया। जहां न तो पीने के पानी की व्यवस्था थी और न ही लेटबॉथ की व्यवस्था। व्यवस्था जांचने पहुंचे एसीओ गोपीकिशन पालीवाल के समक्ष बीएलओ ने स्थिति से अवगत करवाया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2uFAJER
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment