जोधपुर.
जिले के बाप थानान्तर्गत टेकरा गांव में शराब की ब्रांच में शनिवार शाम एक युवक ने पेट्रोल उड़ेल आग लगाई और मौके से भाग गया। आरोपी ने दस दिन पूर्व भी एक अन्य दुकान व मोटरसाइकिल में आग लगाई थी।
सरपंच पुत्र शैतानसिंह के अनुसार टेकरा निवासी राजूसिंह की गांव में शराब की ब्रांच है। शाम को ओसियां क्षेत्र का युवक दुकान पर आया और वहां काम करने वाले व्यक्ति से झगड़े पर उतारू हो गया। दुकान में सुरक्षा के लिए लगी लोहे की जाली पर बाहर से ताला लगा था। झगड़े के दौरान युवक ने प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल अथवा कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ दुकान में उड़ेल दिया। ग्रामीण ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह आग युवक ने उसे पकड़ रखा था। फिर उसने माचिस की तिली जलाकर दुकान में डाल दी। जिससे आग भभक गई। कुछ ही क्षण में अंदर से पूरी दुकान लपटों से घिर गई। आग लगाने वाले युवक मौके से भाग गया। वह दुकान पर काम करने वाले ग्रामीण को भी जबरन पकडक़र ले गया। जिसे बाद में छोड़ दिया गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तक शिकायत पहुंचने पर बाप थानाधिकारी हरिसिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे, लेकिन आग लगाने वाले को पकड़ा नहीं जा सका।
थानाधिकारी का कहना है कि शराब दुकान की लोकेशन भड़ला में है। टेकरा गांव में दुकान अवैध है, जहां किराणा का सामान भी बेचा जाता है। भूपेन्द्रसिंह पर आग लगाने का आरोप है। तलाश की जा रही है।
कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों में रोष
आरोपी युवक ओसियां क्षेत्र का है, लेकिन टेकरा में उसका ननिहाल है। वह कई दिनों से टेकरा में ग्रामीणों से मारपीट और अन्य हरकतें कर रहा है। १९ फरवरी को भी उसने टेकरा गांव में दुकान में आग लगाई थी और मोटरसाइकिल जलाने का प्रयास किया था। शिकायत के बावजूद आरोपी को पकडऩा तो दूर पुलिस मौके पर भी नहीं गई थी। अब उसने दुकान में फिर आग लगा दी। इससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2PyNnMW
0 comments:
Post a Comment